अनंत सिंह ने नीतीश-लल्लन से तोड़ा नाता, सुप्रीम कोर्ट से जमानत याचिका खारिज होने पर 1 दिसंबर को करेंगे सरेंडर
पटना (बिहार)। सुप्रीम कोर्ट से जमानत याचिका खारिज होने के बाद मोकामा के विधायक अनंत सिंह की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। अनंत सिंह ने ऐलान किया है कि वह 1 दिसंबर को सरेंडर करेंगे। हालांकि, उन्हें अब भी कोर्ट से जमानत मिलने की उम्मीद है और उन्होंने न्यायालय पर पूरा भरोसा जताया है।
नीरज कुमार पर अनंत सिंह का गंभीर आरोप
अनंत सिंह ने इस दौरान जेडीयू एमएलसी नीरज कुमार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि उन्होंने पार्टी का नहीं, बल्कि नीरज कुमार का विरोध किया था। अनंत सिंह ने दुलारचंद यादव हत्याकांड में नीरज कुमार पर हत्या करवाने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें साजिश के तहत फंसाया गया है। उनके मुताबिक, उनके खिलाफ दर्ज सभी मामले नीरज कुमार ने ही करवाए हैं।
नीतीश कुमार पर भी साधा निशाना
अनंत सिंह ने कहा कि नीरज कुमार ने जो कहा, सरकार और पार्टी ने वही किया। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि अगर नीतीश कुमार ठीक रहते तो ऐसी स्थिति पैदा नहीं होती। अब वह न तो नीतीश कुमार से मिलेंगे और न ही लल्लन सिंह से।
पार्टी के भविष्य पर उठाए सवाल
अनंत सिंह ने पार्टी के भविष्य पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि आने वाले समय में पार्टी के लिए खाता खोलना भी मुश्किल होगा। वहीं, बेटे के चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि उनकी इच्छा थी कि बेटा चुनाव लड़े, लेकिन अब यह फैसला बेटे की मर्जी पर निर्भर है। आखिर में अनंत सिंह ने कहा कि उनके साथ जिसने जुल्म किया है, भगवान उसे जरूर दिखाएगा।
यह भी पढ़ें: चमोली में जोशीमठ के पास 6 लोगों को ले जा रहा हेलीकॉप्टर लापता, हवाई सर्च ऑपरेशन शुरू