बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में हाथियों की वार्षिक पांच

बांधवगढ़ में 24 से 28 सितंबर तक होगी हाथियों की वार्षिक पिकनिक

पिकनिक में हाथियों से नहीं लिया जाएगा कोई काम

बांधवगढ़: टाइगर रिजर्व में हर साल होने वाली हाथियों की वार्षिक पिकनिक इस बार नए अंदाज और नए स्थान पर होगी। वर्षों से ताला गेट क्षेत्र में आयोजित होने वाला यह आयोजन अब धमोखर बफर क्षेत्र के परासी गेट में किया जाएगा। पांच दिवसीय पिकनिक 24 से 28 सितंबर तक आयोजित होगी। आयोजन को लेकर वन विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।

पिकनिक के दौरान हाथियों से नहीं लिया जाएगा कोई काम

पिकनिक के दौरान हाथियों से कोई काम नहीं लिया जाएगा। सुबह उन्हें नहलाने के बाद चंदन लगाया जाएगा और तेल से मालिश की जाएगी। पशु चिकित्सकों की विशेष टीम हाथियों के स्वास्थ्य की जांच करेगी। इसके साथ ही उनके खान-पान का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा। हाथियों के लिए केला, गन्ना, नारियल और रोटी सहित उनका पसंदीदा भोजन तैयार किया जाएगा। पूरे दिन उन्हें काम से दूर रखकर जंगल में घूमने और आराम करने का अवसर दिया जाएगा। इस दौरान वन अमला उनके स्वास्थ्य और गतिविधियों पर नजर रखेगा।

हाथी मैहर वन क्षेत्र में रेस्क्यू अभियान में जुटे हैं सभी हाथी

क्षेत्र संचालक अनुपम सहाय ने बताया कि पिकनिक की तैयारियां जारी हैं। वर्तमान में बांधवगढ़ के हाथी मैहर वन क्षेत्र में चल रहे रेस्क्यू अभियान में लगे हुए हैं। सभी हाथियों के वापस लौटने के बाद 24 सितंबर से परासी गेट पर आयोजन शुरू होगा। बांधवगढ़ में हाथियों का उपयोग वन्यजीव संरक्षण, निगरानी और रेस्क्यू कार्यों में किया जाता है। दुर्गम जंगलों में जहां वाहन नहीं पहुंच पाते, वहां हाथियों की मदद से घायल या संकट में फंसे वन्यजीवों तक पहुंच बनाई जाती है।

हाथियों के व्यवहार और संरक्षण से रूबरू होंगे पर्यटक

इस बार आयोजन स्थल बदलने के पीछे एक उद्देश्य धमोखर बफर क्षेत्र के पर्यटकों और स्थानीय लोगों को भी इससे जोड़ना है। परासी गेट से नियमित सफारी संचालित होती है। ऐसे में यहां आयोजित होने वाली पिकनिक के जरिए लोगों को हाथियों के व्यवहार, देखभाल और संरक्षण के बारे में जानकारी मिलेगी। बांधवगढ़ में जंगली हाथियों की गांवों की ओर आवाजाही को देखते हुए प्रबंधन ग्रामीणों को भी जागरूक करता है। ऐसे में यह आयोजन हाथियों की देखभाल के साथ उनके संरक्षण और मानव-हाथी सहअस्तित्व का संदेश देने का माध्यम भी बनेगा। 

ये भी पढ़ें- मुरैना के कैलारस में भारी बारिश से आधा दर्जन से अधिक मकान धराशायी