यूपी कांग्रेस की नई अध्यक्ष आराधना मिश्रा 'मोना' न

पद से बड़ा संगठन, 2027 में गठबंधन सरकार बनाने का लक्ष्य: आराधना मिश्रा 'मोना'

Uttar Pradesh Congress president Aradhana Mishra ‘Mona'

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश कांग्रेस की नवनियुक्त आराधना मिश्रा 'मोना' ने सोमवार को कहा कि संगठन में पद से ज्यादा महत्वपूर्ण संगठन है। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को मजबूत करने के लिए नेताओं और कार्यकर्ताओं से मिलकर काम करने का आह्वान किया और गठबंधन सरकार बनाने को साझा लक्ष्य बताया।

अपनी नई जिम्मेदारी पर मिश्रा ने कहा, "संगठन में पद महत्वपूर्ण नहीं है, संगठन महत्वपूर्ण है। कल कोई और अध्यक्ष था, आज मैं हूं और कल कोई और होगा।" उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं का लक्ष्य एक है और इसे हासिल करने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा।

मिश्रा ने कहा, "हम सभी कांग्रेस के ईमानदार और मजबूत सिपाही हैं और हमारा लक्ष्य एक है। इसे पूरा करने के लिए हम सब मिलकर कांग्रेस को मजबूत करेंगे और 2027 में गठबंधन सरकार बनाएंगे। यही हमारा लक्ष्य है और राहुल जी की हम सभी से यही अपेक्षा है।"

हर मतदाता के अधिकार की रक्षा का संकल्प

एसआईआर के मुद्दे पर पार्टी के रुख का समर्थन करते हुए मिश्रा ने कहा कि प्रदेश इकाई हर मतदाता के अधिकार की रक्षा के लिए प्रयास करेगी।

उन्होंने कहा, "वोट चोरी का मुद्दा अब सिर्फ कांग्रेस या किसी एक पार्टी का मुद्दा नहीं है। यह देश के हर उस व्यक्ति की चिंता है जो संविधान में विश्वास रखता है।"

चुनाव आयोग की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि देश में निष्पक्ष चुनाव कराने की जिम्मेदारी वाली इस संवैधानिक संस्था ने अपनी विश्वसनीयता पूरी तरह खो दी है। मिश्रा के मुताबिक, चुनाव आयोग के दो वरिष्ठ सदस्यों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाए, जिसके बाद इस विषय पर देशभर में चर्चा शुरू हुई।

मिश्रा ने कहा, "आज राहुल गांधी ने हमारे सभी नेताओं को यहां एकत्र किया है। हम इस संकल्प के साथ आगे बढ़ेंगे कि हर नागरिक के एक-एक वोट की रक्षा करना कांग्रेस की जिम्मेदारी है।"

उन्होंने आगे कहा, "हम यह जिम्मेदारी पहली बार नहीं उठा रहे हैं। स्वतंत्रता आंदोलन में हमने देश की आजादी के लिए संघर्ष किया था। आज राहुल गांधी के नेतृत्व में हम देश के लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए लड़ेंगे।"

बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती प्राथमिकता

मिश्रा ने विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन के महत्व पर भी जोर दिया है। उनके मुताबिक, बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करना और पार्टी के सभी नेताओं व कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलना उनकी तत्काल प्राथमिकताओं में शामिल होगा।

कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश में 2024 का लोकसभा चुनाव 'इंडिया' गठबंधन के तहत मिलकर लड़ा था। मिश्रा ने कहा है कि गठबंधन ने उस चुनाव में अपनी ताकत दिखाई थी और दोनों पार्टियां 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए भी मिलकर काम करेंगी।

प्रदेश संगठन में कई अहम जिम्मेदारियां बदलीं

आराधना मिश्रा 'मोना' को 2 अक्टूबर को अजय राय की जगह उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। वह इससे पहले उत्तर प्रदेश विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल की नेता थीं। मिश्रा प्रतापगढ़ की रामपुर खास सीट से तीन बार की विधायक हैं।

कांग्रेस ने सहारनपुर के सांसद इमरान मसूद को प्रदेश इकाई का कार्यकारी अध्यक्ष भी नियुक्त किया है। इसके अलावा देविंदर निषाद और आलोक प्रसाद को वरिष्ठ उपाध्यक्ष बनाया गया है। चौधरी वीरेंद्र सिंह को प्रदेश में कांग्रेस विधायक दल का नया नेता नियुक्त किया गया है।

2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले इन संगठनात्मक बदलावों का उद्देश्य कांग्रेस की प्रदेश इकाई को चुनावी मुकाबले के लिए तैयार करना है। ​(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: यूपी में ओबीसी आरक्षण और जातीय जनगणना की मांग तेज, कांग्रेस 5 अक्टूबर को करेगी राजभवन घेराव