नेपाल के बिराटनगर में भ्रष्टाचार के खिलाफ हिंसा के

नेपाल में भ्रष्टाचार के खिलाफ हिंसा के बीच बिहार का अररिया-जोगबनी बॉर्डर सील

नेपाल में भ्रष्टाचार के खिलाफ भड़की हिंसा ने बिराटनगर को भी आग के हवाले कर दिया है। इस वजह से अररिया जिले से सटे जोगबनी बॉर्डर पर पुलिस और SSB के जवानों ने कड़ी सुरक्षा के लिए जोगबनी गेट को लॉक कर दिया है। तस्वीर अररिया के जोगबनी बॉर्डर की हैं, जहां डीएम अनिल कुमार, एसपी अंजनी कुमार और पूर्णिया प्रक्षेत्र के SSB DIG संजीव कुमार खुद मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा ले रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल खबरों के मुताबिक, नेपाल में भ्रष्टाचार के खिलाफ हिंसा ने बिराटनगर के हाई कोर्ट, सरकारी कार्यालयों और तत्कालीन सत्ताधारी दल के नेताओं के घरों को आग के हवाले कर दिया है। साथ ही भाट-भटिनी मॉल और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में लूटपाट की खबरें भी सामने आई हैं। डीएम अनिल कुमार ने बताया कि अररिया जिले से सटे नेपाल बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस और SSB जवानों को सतर्क रखा गया है। उन्होंने कहा कि भारतीय दूतावास के निर्देशानुसार हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं ताकि भारत के नागरिकों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।