अररिया जिले में एक प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिका क

अररिया में वायरल वीडियो से मचा हड़कंप, बच्चों से बेंच उठवाने वाली शिक्षिका से मांगा गया जवाब

Araria School News

अररिया: शिक्षक का दायित्व बच्चों को शिक्षा, संस्कार और सुरक्षित वातावरण देना होता है, लेकिन बिहार के अररिया जिले में प्राथमिक विद्यालय खजूरबाड़ी, जोगबनी से सामने आए एक मामले ने इस जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विद्यालय की एक शिक्षिका का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें मासूम बच्चों से उनकी सुविधा के लिए काम कराए जाने का दावा किया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है और विद्यालय की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।

मासूम बच्चे बेंच उठाकर पानी में रखते आ रहे नजर

वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि विद्यालय परिसर में जलजमाव होने के कारण शिक्षिका ने छोटे-छोटे बच्चों से बेंच उठवाकर पानी के बीच बिछवाए और फिर उन्हीं बेंचों पर चढ़कर खुद विद्यालय के अंदर पहुंचीं। हैरानी की बात यह है कि यह कोई एक बार की घटना नहीं थी, बल्कि बच्चों से यह काम कई बार कराया गया। वायरल वीडियो में मासूम बच्चे बेंच उठाकर पानी में रखते नजर आ रहे हैं, जबकि शिक्षिका आराम से उन बेंचों पर कदम रखते हुए आगे बढ़ती दिख रही हैं। शिक्षिका की पहचान अफसाना परवीन, विशिष्ट शिक्षिका, प्राथमिक विद्यालय खजूरबाड़ी, वार्ड संख्या-10 के रूप में हुई है।

किसी ग्रामीण ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर किया शेयर

बताया जा रहा है कि किसी ग्रामीण ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। वीडियो सामने आते ही लोगों में नाराजगी फैल गई और शिक्षिका के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज हो गई। अभिभावकों का कहना है कि वे अपने बच्चों को पढ़ने-लिखने के लिए स्कूल भेजते हैं, न कि शिक्षकों का सामान उठाने या उन्हें रास्ता बनाने के लिए।

विद्यालय परिसर में लंबे समय से बनी हुई जलजमाव की समस्या

हालांकि, पूरे मामले पर विद्यालय की प्रधान शिक्षिका नीलिमा पाठक ने सफाई देते हुए कहा कि अफसाना परवीन को एलर्जी की समस्या है और वे पानी में नहीं चल सकती हैं। उन्होंने यह भी बताया कि विद्यालय परिसर में लंबे समय से जलजमाव की समस्या बनी हुई है, जिसकी शिकायत कई बार विभाग को भेजी गई, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ।

जिला शिक्षा पदाधिकारी ने शिक्षिका से मांगा जवाब

इधर, वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आ गया है। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने शिक्षिका से पूरे मामले में 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।

ये भी पढ़ें- PM मोदी ने हरियाणा में खोला विकास का पिटारा, हजारों करोड़ की योजनाओं का शुभारंभ