खैरा थाना क्षेत्र के भौंड बालू घाट स्थित चालान सें

जमुई में दिनदहाड़े ₹8 लाख की लूट, विरोध करने पर दो कर्मचारियों को चाकू मारकर किया घायल

Armed Robbers Loot ₹8 Lakh at Jamui Sand Ghat Office

जमुई (बिहार)। खैरा थाना क्षेत्र के भौंड बालू घाट स्थित चालान सेंटर पर हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोलकर 8 लाख रुपये लूट लिए। लूटपाट का विरोध करने पर बदमाशों ने सेंटर पर मौजूद दो कर्मचारियों पर चाकू से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। जानकारी के अनुसार, लगभग आधा दर्जन अपराधी बाइक से चालान सेंटर पहुंचे। उन्होंने सेंटर में घुसकर कर्मचारियों को हथियार के बल पर अपने कब्जे में ले लिया और नकदी लूटने लगे।

चाकू और पिस्टल के हमले में हुए घायल

कर्मचारियों द्वारा विरोध किए जाने पर अपराधियों ने चाकू और पिस्टल से हमला किया। इस हमले में गिद्धौर थाना क्षेत्र निवासी शिवशक्ति कुमार और छपरा जिले के आमीन निजुआरा निवासी अनिल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही खैरा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान मौके से एक मैगजीन भी बरामद हुई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

मौके पर पहुंचे एडीपीओ सतीश सुमन

तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। इस घटना की सूचना मिलने के बाद जमुई एसपी विश्वजीत दयाल और एडीपीओ सतीश सुमन पुलिस जवानों के साथ मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की।

जांच के लिए हुआ एसआईटी का गठन

जमुई एसपी विश्वजीत दयाल ने कहा कि घटना बालू बंदोबस्ती के ऑफिस में कुछ अपराधी तत्वों के द्वारा हमला किया गया है। इस हमले में दो व्यक्ति जख्मी हुए हैं। उन्होंने बताया कि करीब 8 लाख रुपये अपराधियों ने लूट लिया है। मौके पर एफएसएल की टीम पहुंच कर साक्ष्य जुटा रही है। एसडीपीओ सतीश सुमन के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया है, जल्द ही इस कांड का खुलासा कर लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें: चितरंगी CHC में सिक्योरिटी गार्ड मरीजों को लगा रहा था इंजेक्शन, वीडियो वायरल