सिंगरौली में अस्पताल से फरार हुआ गिरफ्तार पटवारी, ड्यूटी में लापरवाही पर ASI और आरक्षक निलंबित
सिंगरौली (मध्य प्रदेश)। सरकारी जमीन के फर्जीवाड़े के मामले में गिरफ्तार आरोपी पटवारी पुलिस को चकमा देकर अस्पताल से फरार हो गया। घटना के बाद महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले में लापरवाही बरतने पर पुलिस अधीक्षक ने निगरानी ड्यूटी में तैनात एएसआई और आरक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
सीने में दर्द का बहाना बनाकर ट्रॉमा सेंटर में हुआ था भर्ती
चितरंगी तहसील में पदस्थापना के दौरान शासकीय भूमि में फर्जीवाड़ा करने वाले आरोपी पटवारी राजेश नामदेव के खिलाफ मोरवा थाने में धारा 420, 467 और 468 के तहत मामला दर्ज था। हाल ही में मोरवा और वैढ़न पुलिस ने उसे बस स्टैंड वैढ़न से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने सीने में तेज दर्द की शिकायत की, जिसके बाद उसे उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। तड़के सुबह वह फ्रेश होने के बहाने शौचालय में घुसा और खिड़की का कांच तोड़कर रफूचक्कर हो गया।
हाईकोर्ट ने निरस्त कर दी थी राहत याचिका
बता दें कि आरोपी पटवारी ने एफआईआर रद्द कराने के लिए हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी, जिसमें उसने मोरवा टीआई और एसपी को भी पक्षकार बनाया था। हालांकि, कोर्ट ने पूर्व में दिए गए स्टे को खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि आरोपी यह साबित नहीं कर पाया कि मामला दुर्भावनापूर्ण दर्ज हुआ है। स्टे निरस्त होते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया था। फरार पटवारी की तलाश में पुलिस लगातार कई ठिकानों पर दबिश दे रही है, लेकिन फिलहाल उसका कोई सुराग हाथ नहीं लगा है।
यह भी पढ़ेंः रायबरेली में 14 दिनों से जलमग्न नयापुरवा, घरों में घुसा गंदा पानी; नगर पालिका के खिलाफ प्रदर्शन