असम: कामरूप में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, NH-27 पर ट्रक से 800 पेटी अवैध शराब जब्त
गुवाहाटी (असम)। कामरूप (मेट्रो) जिले में राजस्व चोरी और अवैध शराब तस्करों के खिलाफ आबकारी विभाग ने रविवार तड़के बड़ी कार्रवाई की है। जिला आबकारी अधीक्षक कार्यालय के निर्देश पर वरिष्ठ आबकारी अधिकारी प्रीतम पुरकायस्थ के नेतृत्व में टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-27 स्थित सोनापुर टोल गेट पर एक कमर्शियल ट्रक को रोककर 800 पेटी अवैध शराब जब्त की। आगामी त्योहारों को देखते हुए विभाग ने अंतरराज्यीय सिंडिकेट के खिलाफ अपनी निगरानी और कार्रवाई तेज कर दी है।
राजस्व चोरी और सेहत के लिए गंभीर खतरा
वरिष्ठ आबकारी अधिकारी शैलेंद्र पांडे ने बताया कि यह अवैध खेप कर चोरी के इरादे से असम लाई जा रही थी, ताकि राज्य को डंपिंग ग्राउंड बनाया जा सके। आबकारी अधीक्षक देवजीत नाथ के प्रत्यक्ष परिचालन आदेशों के तहत टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस साजिश को विफल कर दिया।
अधिकारी पांडे ने रेखांकित किया कि आगामी त्योहारी सीजन के मद्देनजर विभाग ने असम भर में अवैध शराब के परिवहन और भंडारण के खिलाफ एक व्यापक अभियान शुरू किया है। इसके तहत राजमार्ग चौकियों, निगरानी तंत्र और संभावित ठिकानों पर छापेमारी को और कड़ा किया गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी तरह की अवैध शराब का सेवन न केवल राज्य को भारी राजस्व नुकसान पहुंचाता है, बल्कि यह मानव स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत घातक साबित हो सकता है।
30 दिनों में दूसरा बड़ा प्रहार
आबकारी आयुक्त जीतू डोले ने टीम की सराहना करते हुए अंतरराज्यीय गिरोहों को चेतावनी दी और इस कार्रवाई को असम की प्रगति को चोट पहुंचाने वाले 'आर्थिक दुश्मनों पर सीधा प्रहार' बताया। अधिकारियों के अनुसार, पिछले 30 दिनों में कामरूप मेट्रो आबकारी विभाग की यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है, जिसने राज्य में अवैध शराब खपाने की कोशिशों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है।" (भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: असम में 2.146 किलो मेथम्फेटामाइन मामले में तीन दोषियों को 15 साल की कठोर सजा