नवादा में सहायक शिक्षक की संदिग्ध मौत, हत्या की आशंका से सनसनी
नवादा {बिहार}: रोह प्रखंड क्षेत्र के रतोई गांव निवासी सहायक शिक्षक कौशलेन्द्र कुमार नवीन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। कौशलेन्द्र कुमार नवीन मध्य विद्यालय बारापाण्डेय में सहायक शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि बीती रात अज्ञात लोगों द्वारा उनकी हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
घटना के बाद इलाके में दहशत
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने के लिए कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ ही घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों को भी जुटाया जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शिक्षक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और घटना के पीछे क्या वजह रही।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह
वहीं, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद मृतक के परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश है। परिजनों एवं ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द खुलासा करने तथा घटना में शामिल लोगों की पहचान कर कार्रवाई की मांग की है।
ये भी पढ़ें: समस्तीपुर में ग्रामीण चिकित्सक की गोली मारकर हत्या, 24 घंटे बाद भी हत्यारे पुलिस की पकड़ से बाहर