मैनपुरी में स्कूल बंद करके घर जा रहे सहायक अध्यापक की गोली मारकर हत्या
मैनपुरी (उत्तर प्रदेश)। मैनपुरी जिले में एलाऊ क्षेत्र के उस्मानपुर में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात पूर्व वायुसेना कर्मी की सोमवार की शाम गोली मारकर हत्या कर दी गयी।
उस्मानपुर स्थित प्राथमिक स्कूल में सहायक अध्यापक थे मृतक
पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि उस्मानपुर स्थित प्राथमिक स्कूल में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात रहे पूर्व वायुसेना कर्मी यशपाल (54) सोमवार की शाम स्कूल बंद करके घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में एलाऊ विकासखंड के रामपुर गांव में तीन हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी, जिससे उनकी मौत हो गयी।
जमीन विवाद में पैरवी करने पर हत्या का आरोप
सूत्रों ने बताया कि वर्ष 2000 में अपनी पत्नी की मौत के बाद यशपाल रामपाल नामक व्यक्ति के साथ रहते थे। उन्होंने बताया कि रामपाल ने इस मामले में अपने भाई राम वीर, भतीजे अमित और प्रशांत के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है। सूत्रों के अनुसार रामपाल ने आरोप लगाया कि उसका अपने भाइयों से जमीन को लेकर विवाद था और यशपाल इस मामले में उनकी तरफ से पैरवी कर रहे थे, इसीलिये उनकी हत्या कर दी गयी।
(इनपुटः भाषा)
यह भी पढ़ेंः 24 सितंबर 2026 गुरुवार को भाद्रपद शुक्ल पक्ष की त्रयोदशी तिथि और धनिष्ठा नक्षत्र का संयोग