खजरी बायपास के पास स्थित जिस राजा मेटल स्क्रैप सें

स्क्रैप सेंटर ब्लास्ट के बाद नाम बदलकर वहीं खोल दिया टेस्ट स्टेशन

फाइल फोटो

जबलपुर। खजरी बायपास के पास स्थित जिस राजा मेटल स्क्रैप सेंटर में कुछ वर्ष पहले भीषण विस्फोट हुआ था, उसी स्थान पर नाम और संचालक बदलकर दोबारा ऑटोमेटेड टेस्ट स्टेशन (एटीएस) शुरू कर दिया गया। परिवहन विभाग की जांच में यह गंभीर खुलासा हुआ है। अब परिवहन आयुक्त के निर्देश पर पूरे मामले की एक-एक दस्तावेज़ के आधार पर गहन जांच की जा रही है।

कागज में सबकुछ नया, जमीनी स्तर पर पुरानी

जांच में सामने आया है कि विस्फोट वाली साइट पर पहले स्क्रैप का कारोबार चल रहा था। हादसे के बाद लाइसेंस निरस्त किया गया, लेकिन बाद में उसी जगह पर फर्म का नाम और संचालक बदलकर एटीएस का लाइसेंस हासिल कर लिया गया। अधिकारियों का कहना है कि कागज़ों में सब कुछ नया दिखाया गया, जबकि ज़मीन और संरचना वही पुरानी रही।

लाइसेंस निरस्त हुआ तो गोलमाल

परिवहन विभाग के अनुसार, राजा मेटल के नाम से पहले वाहन स्कैनिंग सुविधा (ऑटोस्कैनर) का लाइसेंस प्राप्त किया गया था, जो बाद में शान पिता शमीम खान के नाम पर ट्रांसफर हुआ। शिकायतें मिलने पर विभाग ने लाइसेंस निरस्त कर दिया। इसी दौरान उसी स्थान पर विस्फोट हुआ, जिसमें कई लोगों की मौत भी हुई थी। इस मामले में आपराधिक प्रकरण दर्ज हुआ।इसके बावजूद बाद में उसी जगह पर दोबारा एटीएस का लाइसेंस लेने के लिए ‘जेएडब्ल्यू सर्विस’ नाम से नई फर्म बनाकर आवेदन किया गया और लाइसेंस हासिल कर लिया गया। इसके बाद फिर से मनमानी शुरू होने और वाहनों को अनफिट घोषित कर अवैध वसूली के आरोप सामने आए।

शिकायत पर शुरू हुई कार्रवाई

विभागीय सूत्रों के मुताबिक, एटीएस संचालकों द्वारा वाहन मालिकों को परेशान करने और मनमाने तरीके से वसूली की शिकायतें मिली थीं। शिकायतों के आधार पर परिवहन विभाग ने जांच शुरू की, जिसमें कई अहम दस्तावेज़ सामने आए। अब दोनों फर्मों से जुड़े कागज़ात की तुलना की जा रही है और जिम्मेदार अधिकारियों व संचालकों पर कार्रवाई की तैयारी है।

परिवहन विभाग करेगा लाइसेंस की जांच

परिवहन विभाग ने न सिर्फ जबलपुर बल्कि पूरे संभाग और प्रदेश के अन्य ऑटोमेटेड टेस्ट स्टेशनों के लाइसेंस दस्तावेज़ों की भी दोबारा जांच शुरू कर दी है। संकेत हैं कि जांच पूरी होने के बाद बड़े स्तर पर कार्रवाई हो सकती है।

यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/beef-smuggling-scandal-unveiled-in-indore/130522

जब्त बीफ मामले में चौकाने वाले खुलासे: अरब देशो में भेजा जाना था बीफ, हडिड्यों को चीन