उज्जैन में पुलिस टीम पर लाठी-पत्थरों से हमला, SI की वर्दी फाड़ी; 4 पुलिसकर्मी घायल, 7 पर केस
उज्जैन: मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले में मारपीट के आरोपी को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर कथित तौर पर लाठी-पत्थरों से हमला कर दिया गया। इस दौरान एक सब-इंस्पेक्टर (SI) के साथ मारपीट की गई और उनकी शासकीय वर्दी भी फाड़ दी गई। घटना में महिला आरक्षक समेत चार पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। मामला उन्हेल थाना क्षेत्र के ग्राम नागझिरी का है। पुलिस ने सात नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, गांव की कंचनबाई बंजारा ने करीब आठ दिन पहले अपने पड़ोसी सरदार सिंह बंजारा के खिलाफ मारपीट और अपशब्द कहने की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने आरोपी को पूछताछ के लिए थाने बुलाया था, लेकिन वह आठ दिन तक थाने नहीं पहुंचा। इसके बाद बुधवार दोपहर करीब 12:15 बजे एसआई धारा सिंह चावड़ा, आरक्षक अखिलेश यादव, पंकज खरते, विक्रम राघव और महिला आरक्षक नेहा भालसे आरोपी की तलाश में नागझिरी गांव पहुंचे।
दरवाजे के पीछे दिखाई दिया आरोपी, फिर बढ़ा विवाद
पुलिस के मुताबिक, टीम आरोपी के खेत पर बने मकान पर पहुंची। वहां आरोपी की पत्नी ने उसके घर पर नहीं होने की बात कही। हालांकि, पुलिसकर्मियों को आरोपी दरवाजे के पीछे दिखाई दिया। एसआई ने आरोपी से थाने नहीं आने का कारण पूछा और उसे थाने चलने के लिए कहा। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी के परिजनों ने पुलिस टीम पर लाठी-पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में चार पुलिसकर्मी घायल हो गए और एसआई की वर्दी भी फट गई। घटना के बाद पुलिस ने सात नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पूछताछ के लिए दो महिलाओं और एक पुरुष को हिरासत में लिया गया है। वहीं, घटना के बाद गांव में पुलिस ने फ्लैग मार्च भी निकाला। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें: इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद 13 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म का आरोप, अश्लील वीडियो से ब्लैकमेलिंग का भी दावा