देहरादून में महिला के अपहरण का प्रयास, सफाईकर्मियों की सूझबूझ से भागे आरोपी
देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में सहस्रधारा रोड पर कार सवार युवकों ने कथित तौर पर एक महिला के अपहरण का प्रयास किया। हालांकि, महिला के शोर मचाने पर लोगों के इकट्ठा होने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक, घटना बुधवार सुबह नालापानी चौक पर हुई, जब 45 वर्षीय सुषमा वर्मा अपनी बेटी को कॉलेज बस तक छोड़ने के बाद स्कूटी से घर लौट रही थीं। इसी दौरान एक काले रंग की कार उनके पास आकर रुकी और उसमें सवार युवकों ने उन्हें कार में खींचने का प्रयास किया।
सफाईकर्मियों ने झाड़ू से की पिटाई
महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सड़क पर झाड़ू लगा रहीं तीन महिला सफाईकर्मी भी वहां पहुंचीं। उन्होंने अपनी झाड़ू से आरोपियों को पीटा। इसी बीच आरोपी युवक मौके से फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की संख्या तीन से चार बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि पीड़ित महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।
ये भी पढे़ं- कांग्रेस ने केंद्रीय मंत्रियों की 'चिंतन बैठक' पर साधा निशाना, कहा बहुमत के अभाव में रुकी संसद के विशेष सत्र की योजना