औरंगाबाद पुलिस ने 24 घंटे में 38 लोगों को गिरफ्तार

औरंगाबाद में पुलिस का बड़ा एक्शन, 24 घंटे में 38 गिरफ्तार; 808 लीटर शराब जब्त, मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़

Aurangabad: 38 Arrested, 808 Litres of Liquor Seized

औरंगाबाद: औरंगाबाद पुलिस ने बीते 24 घंटे में अपराध और शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। एसपी की ओर से शुक्रवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जिले में कुल 38 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें से 14 अभियुक्तों को जेल भेज दिया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई में सबसे बड़ी सफलता अवैध शराब के खिलाफ मिली है। जिलेभर में कुल 808.60 लीटर शराब बरामद की गई है, जिसमें 305.60 लीटर देसी शराब, 80 लीटर स्प्रिट और 423 लीटर विदेशी शराब शामिल है। इसके अलावा एक शराब चुलाई मशीन, 500 खाली बोतल और 500 स्टीकर भी बरामद किए गए हैं।

मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में मिनी शराब फैक्ट्री का खुलासा

मुफ्फसिल थाना कांड संख्या 515/26 में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जगदीशपुर निवासी दीपू कुमार, पिता स्वर्गीय प्रदीप सिंह को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 301.60 लीटर देसी शराब, 80 लीटर स्प्रिट, शराब बनाने की मशीन, 500 स्टीकर और 500 खाली बोतल बरामद की गईं। पुलिस के अनुसार, आरोपी मिनी शराब फैक्ट्री चला रहा था। वहीं, माली थाना कांड संख्या 205/26 में 423 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई है। जबकि पौथू थाना क्षेत्र से राहुल कुमार और महेंद्र प्रजापति को 4 लीटर देसी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया है।

लूट और हत्या के प्रयास के आरोपी भी गिरफ्तार

पुलिस ने लूट के एक और हत्या के प्रयास के एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। कासमा थाना कांड संख्या 87/26 में लूट के आरोपी अनिल यादव, पिता नारायण यादव, निवासी किया खाप, थाना रफीगंज को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा मद्यनिषेध मामले में 5 और अन्य मामलों में 31 गिरफ्तारियां की गई हैं।

1149 वाहनों की जांच, 27,500 रुपये का जुर्माना वसूला

पुलिस ने वाहन जांच अभियान के तहत कुल 1149 वाहनों की जांच की और 27,500 रुपये जुर्माना वसूला। साथ ही 23 वारंट और 2 कुर्की का भी निष्पादन किया गया है। एसपी ने बताया कि जिले में अपराध और अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा।

ये भी पढ़ें: मुरैना में भीषण सड़क हादसा, एक ही परिवार के तीन युवकों की मौत; दो सगे भाई भी शामिल