अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 65 वर्षीय वृद्ध की

औरंगाबाद में हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से 65 वर्षीय वृद्ध की मौत; रातभर सड़क पर पड़ा रहा शव

Aurangabad Accident: Elderly Man Killed

औरंगाबाद: अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 65 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। घटना हसपुरा थाना क्षेत्र में धुसरी मोड़ के समीप एनएच-120 की है। मृतक की पहचान उपहारा थाना क्षेत्र के तेयाप गांव निवासी स्व. चन्द्रदीप ठाकुर के पुत्र राजकिशोर ठाकुर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, राजकिशोर ठाकुर गुरुवार को दाउदनगर थाना क्षेत्र के कनाप गांव स्थित टोला छकु बिगहा में नाश्ता करने के बाद अपने घर लौट रहे थे।

सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर

बताया जाता है कि उनकी दोनों आंखें कमजोर थीं और वह लाठी के सहारे पैदल चलते थे। गुरुवार की देर रात धुसरी मोड़ के पास सड़क पार करने के दौरान अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद वह सड़क पर घायल अवस्था में पड़े रहे। रात में घटना की जानकारी नहीं मिल पाने के कारण उन्हें समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सका। हालांकि, परिजन उनके घर नहीं लौटने पर खोजबीन कर रहे थे।

सुबह पुलिस को मिली घटना की सूचना

शुक्रवार की सुबह एक व्यक्ति ने पुलिस को घटना की सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस घायल वृद्ध को सीएचसी, हसपुरा ले गई। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। वृद्ध की पहचान होने पर घटना की सूचना परिजनों को दी गई। पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए शव सदर अस्पताल औरंगाबाद भेज दिया। इस घटना से मृतक के परिजनों में शोक व्याप्त है। वहीं, आसपास के इलाके में मातम पसरा हुआ है। थानाध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक वृद्ध की मौत हुई है। हादसे के बाद चालक फरार हो गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढ़ें: मुरैना में कांग्रेस के प्रदर्शन से पहले पुलिस अलर्ट, मधुराज सिंह तोमर नजरबंद