औरंगाबाद के नगर थाना क्षेत्र में बदमाशों ने फोन कर

औरंगाबाद में युवक पर जानलेवा हमला: फोन कर बुलाया, फिर बदमाशों ने चलाई गोली

Youth Escapes Unhurt After Attackers Lure Him Through Phone Call and Open Fire

औरंगाबाद,(बिहार)। नगर थाना क्षेत्र में गुरुवार की देर शाम एक युवक पर जानलेवा हमला का मामला सामने आया है। अज्ञात बदमाशों ने पहले फोन पर गाली-गलौज की, फिर लोकेशन भेजकर बुलाया और मौके पर पहुंचते ही गोली चला दी। हालांकि गोली युवक को नहीं लगी। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

कॉल करके दी अभद्र गालियां

नगर थाना क्षेत्र के दानी बिगहा वार्ड नंबर-2 निवासी मनीष कुमार सिंह पिता मृत्युंजय सिंह ने नगर थाने में लिखित शिकायत दी है। मनीष ने बताया कि गुरुवार की देर शाम को उनके मोबाइल पर अनजान नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने पहले उनसे अभद्र गाली-गलौज की। इसके बाद अपने नंबर से लोकेशन भेजकर चतरा मोड़ के पास आने के लिए ललकारा।

NH-2 के समीप में हुआ हादसा

जब मनीष लोकेशन देखने गए तो वह चतरा मोड़ के आसपास का दिखा रहा था। वह अपने घर से चतरा मोड़ की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान सत्येंद्र नगर स्थित एक दैनिक अखबार कार्यालय के मोड़ के समीप NH-2 के पास दो अज्ञात व्यक्ति लाल रंग की बुलेट गाड़ी से उनके नजदीक आए।

एक गोली का खोखा बरामद कर किया जब्त

मनीष के अनुसार दोनों में से एक ने कमर से बंदूक निकाल ली। बंदूक देखकर मनीष ने अपनी गाड़ी वहीं गिराई और जान बचाकर भागने लगे। तभी पीछे से उनके ऊपर फायरिंग की गई, जो उन्हें नहीं लगी। घटना के बाद मनीष ने तुरंत इसकी सूचना नगर थाना को दी। सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और वहां से एक गोली का खोखा बरामद किया, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की

मनीष कुमार सिंह ने आवेदन में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ जान से मारने के नियत से गोली चलाने का आरोप लगाते हुए उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। नगर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस कॉल डिटेल और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान में जुटी है। नगर थानाध्यक्ष बबन बैठा ने बताया कि दर्ज प्राथमिकी के आधार पर घटनास्थल का निरीक्षण कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। 

यह भी पढ़ेंः औरंगाबाद में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार ने तीन लोगों को रौंदा, 8 वर्षीय किशोर की मौत