मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त और अन्य अवैध गतिविधिय

औरंगाबाद पुलिस का बड़ा अभियान, एक रात में 54 गिरफ्तार, 290 लीटर शराब जब्त

Aurangabad Police Action: 54 Arrested in One Night

औरंगाबाद {बिहार}: मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त और अन्य अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए औरंगाबाद पुलिस ने बुधवार रात जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन अभियान चलाया। इस कार्रवाई में कुल 54 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें से 18 अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है।

290 लीटर देसी शराब और 3 बाइक जब्त

जानकारी के अनुसार, एससी-एसटी एक्ट के एक, पुलिस पर हमला मामले के 11, मद्य निषेध अधिनियम के तहत 4 और अन्य मामलों में 38 लोगों को गिरफ्तार किया गया। अभियान के दौरान 290 लीटर देसी शराब और तीन बाइक जब्त की गईं। वहीं, वाहन जांच अभियान में 971 वाहनों की जांच कर 5,500 रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। इसके अलावा 80 वारंट और एक कुर्की का भी निष्पादन किया गया।

पुलिस पर हमला मामले में कई आरोपी गिरफ्तार

अभियान के दौरान जम्होर थाना क्षेत्र में पुलिस पर हमला मामले में मिथुन राम, उदय राम, जटुल राम, मनीष कुमार, बसंत पासवान समेत छह महिलाओं को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपी बलिकरना गांव के निवासी बताए गए हैं। सोमवार देर शाम दो पक्षों के बीच मारपीट की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर आरोपियों ने हमला कर दिया था, जिसमें थानाध्यक्ष सूर्यवीर गुप्ता समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए थे।

अवैध गतिविधियों पर जारी रहेगी सख्त कार्रवाई

पुलिस पदाधिकारी उपेंद्र नाथ वर्मा ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों और अन्य अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

लोगों से सहयोग की अपील

उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही आम लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

यह भी पढ़े: रेलवे निर्माण कार्य में 22 वर्षीय युवक की मौत, शव लेकर थाने पहुंचे परिजन