औरंगाबाद में अपराध और शराबबंदी पर पुलिस अभियान, 31 गिरफ्तार और 128 लीटर शराब बरामद
औरंगाबाद (बिहार)। अपराध नियंत्रण और शराबबंदी को लेकर औरंगाबाद पुलिस ने जिले में विशेष अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा के हवाले से रविवार को मिली जानकारी के अनुसार बीते 24 घंटे में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर कुल 31 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें से 12 आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
2105 वाहनों की जांच
एसपी उपेंद्र नाथ वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार लोगों में हत्या के प्रयास के मामले में 01, मद्यनिषेध के मामले में 07 और अन्य विभिन्न कांडों में 23 अपराधी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि लंबित मामलों में तेजी लाते हुए पुलिस ने 24 वारंटों का निष्पादन किया है और एक जगह कुर्की की कार्रवाई भी की है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 2105 वाहनों की सघन जांच की गई, जिसमें नियमों का उल्लंघन करने वालों से 1 लाख 82 हजार रुपये शमन शुल्क वसूला गया।
शराब माफियाओं पर कसा शिकंजा
एसपी के अनुसार मद्यनिषेध के विरुद्ध चलाए गए अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। छापेमारी के दौरान कुल 128.35 लीटर देशी महुआ शराब और 175 लीटर स्प्रीट बरामद किया गया है। इसके साथ ही 3 मोटरसाइकिल, 1 साइकिल, 250 खाली बोतलें और 4 गैलन भी जब्त किए गए हैं।
175 लीटर स्प्रीट के साथ सामान बरामद
उन्होंने बताया कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र में कांड संख्या 473/26 के तहत 175 लीटर स्प्रीट के साथ 250 खाली बोतल और 4 गैलन बरामद किया गया है। इस मामले में बीएनएसएस की धारा 318(4), 338, 336(3), 3(5) और बिहार मद्यनिषेध अधिनियम 2022 की धारा 30(ए)/36 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
कई इलाकों से शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
देव थाना पुलिस ने इंगुनियाटांड निवासी मुकेश भुईयां को 7.50 लीटर देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। करमा थाना पुलिस ने अकोनी, गोह निवासी ओमप्रकाश कुमार को 42 लीटर शराब और एक बाइक के साथ पकड़ा है। अम्बा थाना पुलिस ने पिपरा बगही, कुटुम्बा निवासी मुन्ना कुमार को 28.80 लीटर शराब और मोटरसाइकिल सहित धर दबोचा।
कार्रवाई जारी
इसी क्रम में माली थाना पुलिस ने 40.05 लीटर शराब और एक बाइक बरामद की है, जबकि देवजरा थाना पुलिस ने बंगलापार निवासी दशरथ भुईयां को 10 लीटर शराब और साइकिल के साथ गिरफ्तार किया है। एसपी ने बताया कि सभी आरोपियों के विरुद्ध बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद संशोधित अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें: मंडला में 2.15 क्विंटल गांजा बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार और नाबालिग पकड़ा गया