औरंगाबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अभियान में 35 गिरफ्तार और भारी मात्रा में शराब बरामद
औरंगाबाद (बिहार)। जिले में अपराध नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने को लेकर औरंगाबाद पुलिस ने सघन अभियान चलाया। इस क्रम में बुधवार की रात जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में की गई। कार्रवाई में कुल 35 लोगों को गिरफ्तार किया गया जिनमें से 20 अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है।
विभिन्न मामलों में गिरफ्तारी, शराब और वाहनों समेत कई सामान जब्त
जानकारी के अनुसार, पॉक्सो में दो, एनडीपीएस एक्ट में एक, एससी-एसटी एक्ट में एक, हत्या के प्रयास में एक, मद्य निषेध अधिनियम के तहत छह तथा अन्य मामलों में 24 लोगों की गिरफ्तारी की गई। इसके अलावा 260 लीटर देसी शराब, 14.125 लीटर विदेशी शराब, दो बाइक, एक ऑटो तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। 150 वारंट का निष्पादन किया गया है। वाहन जांच अभियान के तहत 936 वाहनों की जांच की गई जिसमें 3000 रुपये शमन की राशि वसूल की गई।
पुलिस ने कहा- अपराध और अवैध गतिविधियों पर जारी रहेगा अभियान
पुलिस पदाधिकारी उपेंद्र नाथ वर्मा ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। इस तरह की कार्रवाई का उद्देश्य क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना है।
यह भी पढ़ेंः नदी किनारे मिट्टी धंसने से युवक डूबा, तीन घंटे बाद मिला शव