औरंगाबाद में देर रात पुलिस का सघन वाहन जांच अभियान में 37 गिरफ्तार, 1244 वाहनों की जांच
औरंगाबाद (बिहार)। पुलिस अधीक्षक उपेंद्र कुमार वर्मा के निर्देश पर मंगलवार की देर रात जिले में विधि-व्यवस्था सुदृढ़ करने और अपराध नियंत्रण को लेकर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान अवैध हथियार, मादक पदार्थ और अन्य अवैध सामग्रियों की तस्करी पर रोक लगाने के साथ संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर विशेष नजर रखी गई। अभियान के फलस्वरूप जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई के फलस्वरूप 37 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें से 14 अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास और शराबबंदी मामले में गिरफ्तारियां
पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। जानकारी के अनुसार, आर्म्स एक्ट में एक, हत्या के प्रयास में नौ, मद्य निषेध अधिनियम के तहत चार तथा अन्य मामलों में 23 लोगों की गिरफ्तारी की गई। आठ लीटर देसी शराब बरामद किया गया है। वाहन जांच अभियान के तहत 1244 वाहनों की जांच की गई जिसमें 56000 रूपये शमन की राशि वसूल की गई। इसके अलावा 18 वारंट का निष्पादन किया गया है।
अपराध नियंत्रण के लिए लगातार अभियान
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा के लिए पुलिस की सक्रियता के साथ विभिन्न इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ताकि अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी के पास भी नशा तस्करी से जुड़ी कोई भी सूचना हो तो पुलिस से साझा करें सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।
यह भी पढ़ें: अभिषेक शर्मा ने T20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बनकर विराट कोहली को छोड़ा पीछे