औरंगाबाद पुलिस ने 295 लीटर से अधिक देसी शराब किया बरामद, 43 गिरफ्तार और 93,500 रुपये जुर्माना वसूला
औरंगाबाद (बिहार)। पुलिस अधीक्षक उपेंद्र कुमार वर्मा के निर्देश पर सोमवार की देर रात जिले में विधि-व्यवस्था सुदृढ़ करने और अपराध नियंत्रण को लेकर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान अवैध हथियार, मादक पदार्थ और अन्य अवैध सामग्रियों की तस्करी पर रोक लगाने के साथ संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर विशेष नजर रखी गई। अभियान के फलस्वरूप जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई के फलस्वरूप 43 लोगों को गिरफ्तार किया गया जिनमें से 24 अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
आर्म्स एक्ट और शराबबंदी समेत विभिन्न मामलों में कार्रवाई
पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। जानकारी के अनुसार, आर्म्स एक्ट में एक, हत्या प्रयास में पांच, मद्य निषेध अधिनियम के तहत नौ तथा अन्य मामलों में 28 लोगों की गिरफ्तारी की गई। 295.50 लीटर देसी शराब, दो बाइक, एक ऑटो, चार सोने की अंगूठी, आठ बिछिया एवं दो पायल बरामद किया गया है। वाहन जांच अभियान के तहत 1474 वाहनों की जांच की गई जिसमें 93500 रूपये शमन की राशि वसूल की गई।
साइबर पुलिस ने 29,950 रुपये किए रिकवर
इसके अलावा साइबर पुलिस द्वारा 29950 रूपये रिकवर किया गया है। वहीं 46 वारंट का निष्पादन किया गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा के लिए पुलिस की सक्रियता के साथ विभिन्न इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ताकि अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी के पास भी नशा तस्करी से जुड़ी कोई भी सूचना हो तो पुलिस से साझा करें सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।
यह भी पढ़ें: गोंडा गोलीकांड: आनंद मिश्रा पर फायरिंग के मामले में चार आरोपियों की जमानत याचिका खारिज, गिरफ्तारी अब भी बाकी