औरंगाबाद में अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा, डकैती सहित अन्य मामलों में 49 लोग गिरफ्तार; देसी शराब बरामद
औरंगाबाद: पुलिस अधीक्षक उपेंद्र कुमार वर्मा के निर्देश पर बुधवार देर रात जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत करने और अपराध नियंत्रण को लेकर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान अवैध हथियारों, मादक पदार्थों और अन्य अवैध सामग्रियों की तस्करी पर रोक लगाने के साथ संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर विशेष नजर रखी गई। इस दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 49 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें से 29 अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
डकैती और रंगदारी समेत कई मामलों में गिरफ्तारी
जानकारी के अनुसार, डकैती के मामले में 4, एससी-एसटी अधिनियम के तहत 3, रंगदारी के मामले में 4, पॉक्सो के तहत 1, हत्या के प्रयास के मामले में 2, मद्य निषेध अधिनियम के तहत 5 और अन्य मामलों में 31 लोगों को गिरफ्तार किया गया। अभियान के दौरान पुलिस ने 127 लीटर देसी शराब बरामद की। इसके अलावा 500 लीटर महुआ घोल नष्ट किया गया और शराब बनाने वाली एक भट्ठी को ध्वस्त किया गया। पुलिस ने 35 वारंट और एक कुर्की के आदेश का भी निष्पादन किया।
1,185 वाहनों की जांच, 30 हजार रुपये का जुर्माना वसूला
सघन वाहन जांच अभियान के तहत कुल 1,185 वाहनों की जांच की गई। इस दौरान यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में 30,000 रुपये की शमन राशि वसूल की गई। पुलिस ने अभियान के जरिए अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में कार्रवाई की।
अपराध नियंत्रण के लिए लगातार अभियान जारी
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा के लिए पुलिस की सक्रियता के साथ विभिन्न इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं, ताकि अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी के पास नशा तस्करी से जुड़ी कोई भी जानकारी हो, तो वह पुलिस के साथ साझा करें। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम गोपनीय रखा जाएगा।
ये भी पढ़ें: सिरोही में ट्रॉले के पीछे घुसी तेज रफ्तार कार, दो लोगों की दर्दनाक मौत