औरंगाबाद पुलिस के अभियान में 63 गिरफ्तार, 39 कुख्यात अभियुक्त जेल भेजे गए
औरंगाबाद (बिहार)। एसपी के निर्देश पर जिले के सभी थाने की पुलिस ने अपराध और शराब माफियाओं के खिलाफ एक बार फिर बड़ा अभियान चलाते हुए जिले में कानून का इकबाल बुलंद किया है। पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा के अनुसार पूरे जिले में चलाए गए विशेष अभियान में कुल 63 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें से 39 कुख्यात अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।
हत्या के प्रयास में 14 और रंगदारी में 3 गिरफ्तार
पुलिस के आंकड़ों पर गौर करें तो यह कार्रवाई कितनी बड़ी थी, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। बीते 24 घंटे में हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामलों में 14 अपराधियों को धर दबोचा गया, जबकि रंगदारी मांगने वाले 3 शातिरों को भी पुलिस ने सलाखों के पीछे पहुंचाया है। इसके अलावा मद्यनिषेध अधिनियम के तहत 10 तस्करों और अन्य विभिन्न मामलों में 36 लोगों की गिरफ्तारी हुई है।
966 वाहनों की जांच, 62 हजार रुपये वसूले
जिले में लंबित वारंटों को लेकर भी पुलिस सख्त दिखी और 9 वारंटों का निष्पादन किया गया, वहीं 2 मामलों में कुर्की की कार्रवाई भी की गई। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने 966 वाहनों की सघन जांच की और इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों से 62 हजार रुपये शमन शुल्क के रूप में वसूले गए।
56.80 लीटर शराब बरामद, साइबर ठगी के 50,624 रुपये लौटाए
शराब के खिलाफ चल रहे अभियान में पुलिस को दोहरी सफलता मिली है। कुल 56.80 लीटर अवैध शराब बरामद की गई है, जिसमें 40 लीटर देशी और 16.80 लीटर विदेशी शराब शामिल है। इसके साथ ही एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटी भी जब्त की गई है। साइबर अपराध पर लगाम लगाने में भी औरंगाबाद की साइबर थाना पुलिस ने सराहनीय काम किया है और ठगी के शिकार हुए लोगों के 50,624 रुपये उनके खातों में वापस कराए हैं।
टण्डवा-गोह में शराब बरामद, दाउदनगर में 3 गिरफ्तार
थानावार कार्रवाई की बात करें तो टण्डवा थाना पुलिस ने कांड संख्या 129/26 के तहत नवीनगर के नेनुआ निवासी विजय कुमार यादव को 16.80 लीटर विदेशी शराब और एक स्कूटी के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया। वहीं गोह थाना पुलिस ने कांड संख्या 238/26 में बड़ी कार्रवाई करते हुए कोईलवां, हसपुरा के रहने वाले रोशन कुमार और मुन्ना कुमार को 40 लीटर देशी शराब और एक मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा। सबसे बड़ी कार्रवाई दाउदनगर में हुई, जहां रंगदारी और पशु क्रूरता के मामले में तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है।
यह भी पढ़ें: औरंगाबाद में बड़ी पुलिस कार्रवाई, रंगदारी-हत्या प्रयास समेत मामलों में 63 गिरफ्तार