अपराधियों पर औरंगाबाद पुलिस का शिकंजा, 79 गिरफ्तार; शराब और हथियार बरामद
औरंगाबाद {बिहार}: जिले में अपराध नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने को लेकर औरंगाबाद पुलिस ने सघन अभियान चलाया। मंगलवार रात जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाई में कुल 79 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें से 30 आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है।
हत्या और नशे के मामलों में भी गिरफ्तारी
जानकारी के अनुसार, हत्या के मामले में दो, एनडीपीएस एक्ट में तीन, पुलिस पर हमला करने के मामले में एक, हत्या के प्रयास में 19, मद्य निषेध अधिनियम के तहत आठ और अन्य मामलों में 46 लोगों को गिरफ्तार किया गया। अभियान के दौरान पुलिस ने 663 लीटर देसी शराब, 10 लीटर विदेशी शराब, एक कार्बाइन, एक मैगजीन, 14.79 ग्राम ब्राउन शुगर, तीन मोबाइल फोन, 515 रुपये नकद, एक स्कॉर्पियो और तीन बाइक बरामद की हैं।
33 वारंट और दो कुर्की का निष्पादन
पुलिस ने अभियान के दौरान 33 वारंट और दो कुर्की के मामलों का भी निष्पादन किया। इसके अलावा फरार आरोपियों और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई तेज की गई। इसी क्रम में वाहन जांच अभियान भी चलाया गया। पुलिस ने कुल 1019 वाहनों की जांच की, जिसमें नियमों के उल्लंघन पर 40,500 रुपये शमन राशि वसूली गई।
अपराधियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कानून-व्यवस्था के मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। अपराध और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के पास नशा तस्करी या अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़ी कोई जानकारी है तो वह पुलिस को इसकी सूचना दे। पुलिस के अनुसार, सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।
यह भी पढ़े: सुअरमार गढ़ में मकान की खुदाई में मिला स्वर्ण रंग का धातु अवशेष, वैज्ञानिक जांच से खुलेगा प्राचीन रहस्य