औरंगाबाद में पुलिस का बड़ा अभियान, 38 गिरफ्तार; भारी मात्रा में शराब बरामद
औरंगाबाद (बिहार)। जिले में अपराध नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने को लेकर औरंगाबाद पुलिस ने सघन अभियान चलाया। इस क्रम में सोमवार की रात जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में की गई। कार्रवाई में कुल 38 लोगों को गिरफ्तार किया गया जिनमें से 16 अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है।
विभिन्न मामलों में हुई गिरफ़्तारी
जानकारी के अनुसार, दुष्कर्म के मामले में एक, एससी-एसटी एक्ट में पांच, हत्या प्रयास के शीर्ष में तीन, मद्य निषेध अधिनियम के तहत नौ तथा अन्य मामलों में 20 लोगों की गिरफ्तारी की गई। इस दौरान 99.70 लीटर देसी शराब, 40.375 लीटर विदेशी शराब एवं एक बाइक बरामद किया गया है। वाहन जांच अभियान के तहत 1187 वाहनों की जांच की गई जिसमें 176000 रूपये शमन की राशि वसूल की गई।
अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान
पुलिस पदाधिकारी उपेंद्र नाथ वर्मा ने बताया कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों के साथ साथ अन्य अपराधों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। इस तरह की कार्रवाई का उद्देश्य क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना है।
किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें
उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दे ताकि समय के साथ कार्रवाई की जा सके।
यह भी पढ़ें: पटना में गंगा स्नान के दौरान हादसा, 7 बच्चियां डूबीं; 2 की मौत, 2 लापता