औरंगाबाद पुलिस ने ऑपरेशन में 54 गिरफ्तार, 120 टन अवैध कोयला और 4 ट्रक जब्त
औरंगाबाद (बिहार)। जिला पुलिस का 24 घंटा अपराधियों और अवैध कारोबारियों के लिए भारी रहा। पुलिस अधीक्षक के सख्त निर्देश के बाद जिले भर में एक साथ छापेमारी शुरू हुई। सुबह से देर शाम तक चले इस ऑपरेशन में पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों से कुल 54 लोगों को दबोचा। इनमें हत्या जैसे संगीन मामले के ग्यारह आरोपी भी हैं। ये लंबे समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहे थे।
कार्रवाई मेंकोयला माफियाओं को बड़ी चोट
इस कार्रवाई की सबसे बड़ी चोट कोयला माफियाओं को लगी। बारुण थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो बड़े ट्रकों को रोककर जब तलाशी ली तो उसमें करीब 60 टन अवैध कोयला लदा मिला। ट्रक पर सवार झारखंड के लातेहार के दो युवक कोई कागजात नहीं दिखा पाए। पूछताछ में कोयला तस्करी का पूरा खेल सामने आ गया।
एक कारोबारी गिरफ्तार
इसी तरह रिसियप थाना पुलिस ने भी दो ट्रकों को पकड़ा, जिसमें इतनी ही मात्रा में कोयला भरा था। कुल मिलाकर चार ट्रक और 120 टन कोयला जब्त किया गया है। पुलिस ने चारों तस्करों को हिरासत में ले लिया है और उनसे नेटवर्क के बारे में पूछताछ की जा रही है।कोयले के अलावा नशे के कारोबार पर भी पुलिस ने वार किया है। बड़ेम थाना के रहरा गांव में एक घर में छापा मारकर पुलिस ने 15 लीटर देशी शराब बरामद की है और एक कारोबारी को गिरफ्तार किया है।
अन्य मामलों मे भी कार्रवाई
इस पूरे अभियान के दौरान पुलिस ने पुराने मामलों में फरार चल रहे 26 वारंटियों को भी पकड़ा है और दो लोगों की कुर्की की कार्रवाई पूरी की है। सड़कों पर भी सघन वाहन जांच चलती रही, जहां एक हजार से ज्यादा गाड़ियों को रोका गया और नियम तोड़ने वालों से साढ़े बाईस हजार रुपये जुर्माना वसूला गया।
यह भी पढ़ें: 'बेचारा' वाले बयान पर प्रशांत किशोर का पलटवार, बोले- बिहार के लिए करता रहूंगा काम