बिहार के औरंगाबाद जिले के कुटुंबा थाना क्षेत्र के

औरंगाबाद सड़क हादसे में 21 वर्षीय युवक की मौत, मुआवजे और कार्रवाई की मांग को लेकर ग्रामीणों ने लगाया जाम

Protest Over Compensation After Accident

औरंगाबाद: बिहार के औरंगाबाद जिले के कुटुंबा थाना क्षेत्र के दधपा गांव के पास गुरुवार रात हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद शुक्रवार सुबह आक्रोशित ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग जाम कर दिया, जिससे कई घंटों तक आवागमन प्रभावित रहा।

निर्माण मलबे के कारण बिगड़ा बाइक का संतुलन

मृतक की पहचान दधपा निवासी अरविंद मेहता के 21 वर्षीय पुत्र पंकज कुमार मेहता के रूप में हुई है। पंकज अपने दोस्त अनुज कुमार, पिता जितेंद्र कुमार वर्मा, के साथ बाइक से अंबा बाजार जा रहा था। बताया जा रहा है कि दधपा गांव से आगे नहर के पास सड़क पर बिखरी ईंट और निर्माण मलबे के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ गया। इसी दौरान पीछे से आ रही दूसरी बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद दूसरा बाइक सवार मौके से फरार हो गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और राजद नेता इंजीनियर सुबोध कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। दोनों घायलों को तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने पंकज कुमार मेहता को मृत घोषित कर दिया। घायल अनुज कुमार का इलाज जारी है। नगर थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।

मुआवजे और कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क जाम

पंकज की मौत से नाराज ग्रामीणों ने शुक्रवार सुबह शव के साथ सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि सड़क किनारे पड़ा निर्माण मलबा समय पर नहीं हटाया गया, जिसके कारण यह हादसा हुआ। ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को सरकारी मुआवजा देने और मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

फरार बाइक सवार की तलाश जारी

कुटुंबा थानाध्यक्ष इमरान आलम ने बताया कि फरार बाइक सवार की पहचान की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। परिजनों के अनुसार, पंकज कुमार मेहता अविवाहित था और दो भाइयों में सबसे छोटा था। उसके पिता खेती कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

यह भी पढ़े: सऊदी से लौटे बेटे की संदिग्ध मौत, पिता ने कब्र खोदकर पोस्टमार्टम कराने की उठाई मांग