औरंगाबाद में बारिश का फायदा उठाकर घर में चोरी, कुत्ते के मुंह पर टेप लगाकर लाखों के जेवर ले गए चोर
औरंगाबाद (बिहार)। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भरवार गांव में बीती रात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। गांव के बीचों-बीच हुई इस चोरी से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। बताया गया कि रात में तेज बारिश हो रही थी। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया।
कुत्ते के मुंह पर टेप चिपकाया
पीड़ित आलोक सिंह, पिता - शिव कुमार सिंह, ग्राम - भरवार ने बताया कि घर में वे और उनकी पत्नी अलग कमरे में सोए हुए थे। बच्चे रक्षाबंधन में बहन के घर तथा मां पिताजी और भतीजी रिश्तेदार के यहां गए हुए थे। रात करीब 12 बजे के बाद अज्ञात चोर उनके घर में घुस गए। बारिश तथा घर में चल रहे कुलर की आवाज का फायदा उठाते हुए चोरों ने सबसे पहले आंगन में बंधे पालतू कुत्ते के मुंह पर टेप चिपका दिया, ताकि वह भौंक न सके और किसी को भनक तक न लगे।
घर के तीन कमरों में की चोरी
इसके बाद चोरों ने इत्मीनान से घर के तीन कमरों के दरवाजों के ताले तोड़ दिए। कमरों के अंदर रखी दो गोदरेज की अलमारी और दो लोहे के ट्रंक को तोड़कर सारा सामान तितर-बितर कर दिया। पीड़ित के अनुसार चोर घर में रखे लगभग साढ़े तीन से चार लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और 40 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। सुबह उठने पर जब परिजनों ने कमरों की हालत देखी तो उनके होश उड़ गए। सारा सामान बिखरा पड़ा था।
घटना से गांव में हड़कंप
घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। घटना की सूचना मिलते ही सामाजिक कार्यकर्ता एवं ओरा पंचायत के भावी प्रत्याशी विक्रम कुमार सिंह उर्फ राजा घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और पुलिस प्रशासन से मांग की कि चोरी की घटना का अविलंब उद्भेदन किया जाए। साथ ही उन्होंने थाना क्षेत्र के प्रत्येक गांव में रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग की है, ताकि ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में चोर सक्रिय हो जाते हैं और गांव के बीचों-बीच हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मामले की छानबीन में जुटी पुलिस
इधर मामले की जानकारी मिलते ही मुफस्सिल थाने की पुलिस दल-बल के साथ गांव पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई। थानाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित के भारत बयान पर प्राथमिक की दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ेंः मुरादाबाद में तेंदुए का आतंक, घर के बाहर सो रहे किसान की ली जान