जम्होर थाना क्षेत्र के परसिया गांव के समीप सुनसान

स्टेशन छोड़ने के बहाने किशोरी को सुनसान जगह ले गया ऑटो चालक, दुष्कर्म का आरोप; पुलिस ने आरोपी को दबोचा

Auto driver held for raping teen.

औरंगाबाद: जम्होर थाना क्षेत्र के परसिया गांव के समीप सुनसान जगह पर एक नाबालिग लड़की से ऑटो चालक द्वारा दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना के बाद शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए जम्होर पुलिस ने आरोपी ऑटो चालक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी थाना क्षेत्र के कर्मा गांव निवासी रौशन कुमार है। जानकारी के अनुसार, 17 वर्षीय एक नाबालिग लड़की कैमूर/भभुआ जिले से औरंगाबाद आई हुई थी।

स्टेशन जाने के लिए ऑटो में बैठी थी किशोरी

देर शाम करीब आठ बजे औरंगाबाद शहर के जसोईया से अनुग्रह नारायण रेलवे स्टेशन जाने के लिए ऑटो बैठी। इस दौरान ऑटो चालक ने नाबालिग को अनुग्रह नारायण रोड ले जाने की बजाय परसिया गांव की ओर ले कर चला गया और सुनसान सड़क पर जबरन दुष्कर्म किया। शोर मचाने पर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पीड़िता ने डायल 112 पर मामले की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक रौशन कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

थानाध्यक्ष दीपक कुमार राय ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया है। पीड़िता को मेडिकल के लिए भेजा गया है। वहीं मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि पीड़ित मूल रूप से भभुआ/कैमूर की रहने वाली है। वह यहां किसी काम से औरंगाबाद आयी थी। उन्होंने रात के समय लड़कियों और महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए, लोगों से अकेले सुनसान इलाकों में ऑटो और ई-रिक्शा पर सवारी नहीं करने की अपील की है।

ये भी पढ़ें: ड्यूटी के दौरान जनशताब्दी एक्सप्रेस की चपेट में आए गृहरक्षक, दर्दनाक मौत