अयोध्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान, सीएम योगी करेंगे रामलला के दर्शन
अयोध्या (उत्तर प्रदेश)। अयोध्या में मंगलवार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का सम्मान किया जाएगा। राजकीय इंटर कालेज के मैदान में आयोजित इस राज्यस्तरीय समारोह के मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद रहेंगे। वह कार्यकत्रियों का सम्मान भी करेंगे। अयोध्या मंडल की करीब 12 से 15 हजार आंगनवाड़ी कार्यकर्ता इस कार्यक्रम में शामिल होंगीं।
जिलों में भी होगा कार्यक्रम का लाइव प्रसारण
प्रदेश के सभी जिलों में इसका लाइव प्रसारण भी किया जाएगा। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बताया कि कार्यक्रम में विभागीय मंत्री तथा जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे। राशन वितरण का कार्य देख रही स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की महिलाएं भी इसमें भाग लेंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश के हर जिले में समानांतर कार्यक्रम होंगे, लेकिन मुख्य समारोह मुख्यमंत्री की उपस्थिति में अयोध्या में ही संपन्न होगा।
सीएम के दौरे को लेकर तैयारियां पूरी
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सीडीओ कृष्ण कुमार सिंह की निगरानी में सारी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कल करीब तीन घंटे अयोध्या में रहेंगे। दोपहर 2:50 बजे वे जीआईसी मैदान पहुंचेंगे। शाम 4 बजे तक जीआईसी मैदान में रहने के बाद वह हेलीकॉप्टर से राम कथा पार्क हेलीपैड पहुंचेंगे। वहां से पहले हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन करेंगे, उसके बाद श्रीराम मंदिर पहुंचकर रामलला का दर्शन-पूजन करेंगे। शाम करीब 5 बजे हेलीकॉप्टर से लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे।
यह भी पढ़ें: यूपी टेक्स-2026: लखनऊ में सीएम योगी करेंगे उद्घाटन, टेक्सटाइल सेक्टर में निवेश और रोजगार को मिलेगी नई उड़ान