अयोध्या मेडिकल कॉलेज को SGPGI लखनऊ के स्पोक एंड हब

अयोध्या मेडिकल कॉलेज अब SGPGI के स्पोक एंड हब से जुड़ा, गंभीर मरीजों को मिलेगा विशेषज्ञ परामर्श

Deputy CM addresses critical care conference

अयोध्या/लखनऊ। उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने रविवार को जनपद अयोध्या में संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई), लखनऊ द्वारा गंभीर मरीजों की देखभाल, उपचार की आधुनिक पद्धतियों एवं औषधीय प्रबंधन से संबंधित विषयों पर आयोजित इंडियन सोसाइटी ऑफ इंटेंसिव केयर एंड पेरिऑपरेटिव मेडिसिन ISICPM-2026 के तृतीय राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित किया।

गंभीर मरीजों की देखभाल पर जोर

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि गंभीर रोगियों को ऑपरेशन से पहले और ऑपरेशन के बाद बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना अत्यंत महत्वपूर्ण है। चिकित्सा के क्षेत्र में दुनिया में हो रहे नवीनतम प्रयोगों, आधुनिक उपचार पद्धतियों और तकनीकों का अध्ययन कर उन्हें प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं में प्रभावी ढंग से लागू करना समय की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से इस राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया गया है, जिसमें देशभर के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों एवं चिकित्सा संस्थानों से विशेषज्ञ चिकित्सक एवं प्रतिनिधि शामिल हुए हैं।

2017 के बाद स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार

उन्होंने प्रदेश सरकार की ओर से सम्मेलन में आए सभी चिकित्सकों एवं विशेषज्ञों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में निरंतर नए आयाम स्थापित कर रहा है। वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन हुआ है। प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या और चिकित्सा सुविधाओं में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। वर्तमान में प्रदेश में 85 मेडिकल कॉलेज पूरी क्षमता के साथ कार्य कर रहे हैं तथा वर्ष 2017 से अब तक 45 नए मेडिकल कॉलेज स्थापित किए गए हैं।

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को उसके निकट ही बेहतर, त्वरित और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। इसके लिए आधुनिक तकनीक, विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाओं और चिकित्सा संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय को बढ़ावा दिया जा रहा है।

'स्पोक एंड हब' कार्यक्रम से जुड़ा अयोध्या मेडिकल कॉलेज

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि एसजीपीजीआई, लखनऊ के ‘स्पोक एंड हब’ कार्यक्रम से राजर्षि दशरथ स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, अयोध्या को भी जोड़ा गया है। इसके माध्यम से एसजीपीजीआई में उपलब्ध विषय विशेषज्ञ चिकित्सकों की विशेषज्ञ सेवाओं का लाभ अयोध्या मेडिकल कॉलेज में भर्ती गंभीर मरीजों को ऑनलाइन परामर्श के माध्यम से मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि अभी तक प्रदेश के छह मेडिकल कॉलेज इस ‘स्पोक एंड हब’ व्यवस्था से जुड़े हुए थे और अब अयोध्या मेडिकल कॉलेज के जुड़ने से इसकी पहुंच और मजबूत हुई है। इससे गंभीर रोगियों के उपचार में विशेषज्ञ चिकित्सकीय सलाह समय पर उपलब्ध हो सकेगी तथा मरीजों को आवश्यकता पड़ने पर उच्च चिकित्सा संस्थानों तक रेफर करने की प्रक्रिया भी अधिक प्रभावी बन सकेगी। 

चिकित्सा संस्थानों को कर रहे और सशक्त

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक चिकित्सा तकनीकों का अधिकतम उपयोग, चिकित्सकों के बीच ज्ञान एवं अनुभव का आदान-प्रदान तथा निरंतर अनुसंधान और नवाचार ही प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। सरकार चिकित्सा क्षेत्र में विशेषज्ञ संस्थानों को और मजबूत करने के साथ-साथ प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

यह भी पढ़ें: योगी सरकार का बड़ा दावा: 2017 से अब तक यूपी में 303 अपराधी ढेर, 15 हजार करोड़ से ज्यादा की अवैध संपत्ति जब्त