अयोध्या में पंचकोसी परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण एवं विस्तारीकरण को कैबिनेट की मंजूरी
लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। प्रदेश सरकार ने अयोध्या धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए पंचकोसी परिक्रमा मार्ग के सुदृढ़ीकरण एवं विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। मंत्रिपरिषद ने जनपद अयोध्या में पंचकोसी परिक्रमा मार्ग (अन्य जिला मार्ग) के चैनेज 0.00 से 10.775 के मध्य 9.025 किलोमीटर लंबाई के मार्ग को 04 लेन में चौड़ीकरण एवं विस्तारीकरण किए जाने के लिए पुनरीक्षित लागत की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान किए जाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
राम मंदिर निर्माण के बाद बढ़ी श्रद्धालुओं की संख्या
अयोध्या धाम में प्रतिवर्ष कार्तिक मास में विश्व प्रसिद्ध पंचकोसी परिक्रमा का आयोजन होता है, जिसमें देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। वर्ष 2024 में भगवान श्रीराम मंदिर का निर्माण पूर्ण होने के बाद अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इस वर्ष लगभग 35 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने पंचकोसी परिक्रमा में भाग लिया। श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए मौजूदा परिक्रमा मार्ग की क्षमता को बढ़ाना आवश्यक हो गया है।
7 मीटर चौड़े मार्ग की क्षमता हुई अपर्याप्त
वर्तमान में परिक्रमा मार्ग के कैरिजवे की अधिकतम चौड़ाई लगभग 7 मीटर है, जो बढ़ते यातायात एवं श्रद्धालुओं की संख्या के दृष्टिगत पर्याप्त नहीं है। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगम आवागमन तथा सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मार्ग के चौड़ीकरण एवं विस्तारीकरण का निर्णय लिया गया है।
₹466.46 करोड़ की पुनरीक्षित लागत स्वीकृत
मंत्रिपरिषद द्वारा स्वीकृत प्रस्ताव के तहत संबंधित मार्ग के चौड़ीकरण एवं विस्तारीकरण के साथ आवश्यक अन्य कार्य भी कराए जाएंगे। परियोजना की पुनरीक्षित लागत 46,645.62 लाख रुपये निर्धारित की गई है। इस परियोजना के पूर्ण होने से पंचकोसी परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध होगी तथा परिक्रमा के दौरान भीड़-भाड़ के कारण होने वाली दुर्घटनाओं की संभावना को कम करने में मदद मिलेगी।
श्रद्धालु-अनुकूल धार्मिक पर्यटन केंद्र बनाने की दिशा में कदम
यह परियोजना अयोध्या धाम के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। बेहतर एवं सुरक्षित परिक्रमा मार्ग के निर्माण से देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को सुगम यात्रा का अनुभव मिलेगा। साथ ही निर्माण कार्यों के दौरान स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे तथा क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।
प्रदेश सरकार का उद्देश्य अयोध्या को आधुनिक सुविधाओं से युक्त, सुरक्षित एवं श्रद्धालु-अनुकूल धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करना है। पंचकोसी परिक्रमा मार्ग का चार लेन में चौड़ीकरण एवं विस्तारीकरण इसी व्यापक दृष्टिकोण का महत्वपूर्ण हिस्सा है। (Published By: Ravi Pandey)
यह भी पढ़ें: रक्षाबंधन पर महिलाओं को बड़ी राहत, 27-28 अगस्त की रात रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा