आजमगढ़ की बिलरियागंज पुलिस ने 23.411 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ तीन तस्करों को किया गिरफ्तार
आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश)। बिलरियागंज पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 23.411 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ तीन अंतरराज्यीय अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो ट्रॉली बैग और एक वीवो मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
बिलरियागंज थाना क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग
पुलिस के अनुसार, बिलरियागंज थाना क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर गुलवा गौरी नहर पुलिया के पास पुलिस टीम ने दो ट्रॉली बैग लेकर जा रहे तीन संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ लिया। क्षेत्राधिकारी सगड़ी कौस्तुभ त्रिपाठी की मौजूदगी में ट्रॉली बैगों की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान मिला 23.411 किलोग्राम गांजा
तलाशी के दौरान राजाबाबू सिंह के कब्जे से एक ट्रॉली बैग में 12 बंडल तथा नेहा पासवान और पूनम देवी के कब्जे से दूसरे ट्रॉली बैग में 11 बंडल मिले। जांच में सभी बंडलों में गांजा बरामद हुआ। दोनों बैगों से बरामद गांजे का कुल वजन 23.411 किलोग्राम निकला।
गांजे के संबंध में कोई वैध अधिकार-पत्र प्रस्तुत नहीं
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजाबाबू सिंह (28) निवासी बलिहार, थाना सिमरी, बक्सर, बिहार, नेहा पासवान (20) निवासी फतेहपुर, थाना दिलदारनगर, गाजीपुर और पूनम देवी (31) निवासी सोनी इंतवा, थाना राजपुर, बक्सर, बिहार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें गांजा एक स्थान पर पहुंचाने के लिए दिया गया था। इसके बदले उन्हें रुपये मिलते थे, जिसे वे आपस में बांटकर अपना जीवन-यापन करते थे। गांजे के संबंध में आरोपी कोई वैध अधिकार-पत्र प्रस्तुत नहीं कर सके।
मामले में बिलरियागंज थाने में मुकदमा दर्ज
इस मामले में बिलरियागंज थाने में मु0अ0सं0 234/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी राजाबाबू सिंह के खिलाफ पूर्व में गाजीपुर और झारखंड में भी मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2026 का एनडीपीएस एक्ट का मामला भी शामिल है।
यह भी पढ़ेंः समस्तीपुर: घर के बरामदे पर सोए ग्रामीण चिकित्सक की गोली मारकर हत्या, FSL टीम जांच में जुटी