आजमगढ़ में गैंगस्टर एक्ट का वांछित आरोपी राज निषाद गिरफ्तार, पुलिस पर फायरिंग समेत 4 मुकदमे दर्ज
आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश)। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कन्धरापुर थाना पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित अभियुक्त राज निषाद को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त चेन स्नेचिंग, मारपीट, धमकी, पुलिस टीम पर फायरिंग और अवैध शस्त्र रखने जैसी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है।
चलाए जा रहे अभियान के तहत आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के क्रम में कन्धरापुर पुलिस ने राज निषाद पुत्र हरिराम निषाद, निवासी मड़या, राहुल नगर, थाना कन्धरापुर को शुक्रवार की रात उसके घर से गिरफ्तार किया।
अभियुक्तों द्वारा पुलिस टीम पर की गई फायरिंग
पुलिस के अनुसार 26 मार्च 2026 को भंवरनाथ क्षेत्र में एक महिला से चेन स्नेचिंग की घटना में राज निषाद की संलिप्तता सामने आई थी। इस मामले में पुलिस ने घटना से संबंधित चेन भी बरामद की थी। इसके बाद 29 मार्च 2026 को पुलिस चेकिंग के दौरान अभियुक्तों द्वारा पुलिस टीम पर फायरिंग की गई थी। इस दौरान राज निषाद को अवैध शस्त्र के साथ गिरफ्तार किया गया था।
सूचना पर पुलिस टीम ने कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक अभियुक्त की लगातार आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए कन्धरापुर थाने में मु0अ0सं0 208/2026 के तहत धारा 2(ख)(i)/3(1) उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसी मामले में वह वांछित चल रहा था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि राज निषाद के खिलाफ कन्धरापुर, सिधारी थानों में चेन स्नेचिंग, मारपीट, धमकी, पुलिस पर फायरिंग, अवैध शस्त्र रखने और गैंगस्टर एक्ट से संबंधित कुल चार मुकदमे दर्ज हैं।
यह भी पढ़े: गोण्डा में स्कूल वाहनों पर परिवहन विभाग की सख्ती, 9 वाहन जब्त और 7 पर चालानी कार्रवाई