आजमगढ़ में पुलिस ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर महि

आजमगढ़ में नौकरी का झांसा देकर महिला से आभूषण लूटने वाला आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार

Azamgarh: Man Accused of Robbing Woman on Job Pretext Arrested After Police Encounter

आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश)। देवगांव थाना पुलिस ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर महिला से आभूषण झपटने वाले शातिर अंतरजनपदीय अपराधी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए 100 शैय्या संयुक्त अस्पताल लालगंज भेजा गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, मोटरसाइकिल, लूटे गए आभूषण और नकदी बरामद की है। मामले में लूटे गए आभूषण खरीदने वाले एक सुनार को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

देवगांव थाने में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की

पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त को थाना देवगांव में अमित प्रताप सिंह निवासी ग्राम जियासड़, थाना मेहनगर ने तहरीर दी थी। आरोप था, कि कुछ अज्ञात लोग उनकी मां को उनके बेटे को नौकरी दिलाने का झांसा देकर लालगंज तहसील के सामने से केराकत तहसील की ओर ले गए और रास्ते में उनके कान के टप्स व अन्य आभूषण झपटकर फरार हो गए। इस मामले में देवगांव थाने में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई थी।

मुखबिर से मिली गुप्त सूचना

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में वांछित एवं शातिर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 17/18 अगस्त की रात देवगांव पुलिस संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक शातिर अपराधी मोटरसाइकिल से पल्हना-लहुवां मार्ग की ओर आ रहा है और उसके पास अवैध असलहा है।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की

सूचना के आधार पर पुलिस ने नसीरपुर की ओर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह भागने लगा। पीछा करने पर नसीरपुर पुलिया के पास उसकी मोटरसाइकिल असंतुलित होकर गिर गई। पुलिस के मुताबिक, रुकने के लिए कहने पर आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। चेतावनी के बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी।

आरोपी के पास से विभिन्न चीजें बरामद

घायल आरोपी की पहचान शमीम उर्फ सूरज उर्फ मुमताज उर्फ बब्लू यादव उर्फ समीर अंसारी, उम्र करीब 36 वर्ष, निवासी डीएलडब्ल्यू जलालीपट्टी, थाना मंडुवाडीह, कमिश्नरेट वाराणसी, हाल निवासी ग्राम निधौरा, थाना बलुआ, जनपद चंदौली के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का एक देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, बजाज डिस्कवर मोटरसाइकिल, पीली धातु का एक जोड़ी कान का सहारा और 850 रुपये नकद बरामद किए हैं।

यह भी पढ़ें: फतेहपुर में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, एक आरोपी के पैर में लगी गोली; दो गिरफ्तार