आजमगढ़ में एक व्यक्ति ने मारपीट, जातिसूचक टिप्पणी

आजमगढ़ में मारपीट और जातिसूचक टिप्पणी का आरोप, पीड़ित ने एसएसपी से लगाई गुहार

Azamgarh Man Alleges Assault and Casteist Abuse, Seeks Police Action

आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश)। रौनापार थाना क्षेत्र के जमीन चंदापार गांव निवासी अशोक मुसहर ने एक व्यक्ति पर जातिसूचक टिप्पणी करने, गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने थाना पुलिस पर शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है।

आरोपी ने कथित रूप से की गाली-गलौज

एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र के अनुसार, घटना सात अगस्त की शाम करीब साढ़े सात बजे मंगरी बाजार स्थित सब्जी की दुकान के पास की है। अशोक का आरोप है कि वह सब्जी खरीद रहा था, तभी मऊ कुतुबपुर निवासी पुष्पेंद्र उर्फ सिंटू राय वहां पहुंचा और खेत पर काम करने के लिए बुलाए जाने के बावजूद नहीं आने को लेकर उससे पूछताछ करने लगा। तबीयत खराब होने की बात कहने पर आरोपी ने कथित रूप से गाली-गलौज शुरू कर दी।

आरोपी ने लात-घूंसों और डंडे से अशोक की पिटाई

आरोप है, कि गाली देने से मना करने पर आरोपी ने लात-घूंसों और डंडे से अशोक की पिटाई की तथा जातिसूचक अपशब्द कहे। शोर सुनकर पीड़ित का भाई और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। पीड़ित के अनुसार, आरोपी जाते समय जान से मारने की धमकी भी दे गया।

घटना की सूचना रौनापार थाने में दी

अशोक का कहना है कि उसने घटना की सूचना रौनापार थाने में दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने आजमगढ़ सदर अस्पताल में अपना चिकित्सकीय परीक्षण कराया। थाना पुलिस की ओर से कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित ने 10 अगस्त को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। मामले में पुलिस की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच के बाद ही उनकी पुष्टि हो सकेगी। 

यह भी पढ़ेंः औरंगाबाद में पुलिस का बड़ा अभियान, 51 गिरफ्तार; भारी मात्रा में शराब बरामद