आजमगढ़ में नाबालिग किशोरी को शादी का झांसा देकर भगाने का आरोपी गिरफ्तार, किशोरी बरामद
आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश)। बिलरियागंज थाना क्षेत्र में नाबालिग किशोरी को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गोरिया बाजार से पहले नहर पुलिया के पास से पकड़ा। उसके साथ किशोरी भी मिली, जिसे महिला पुलिसकर्मियों की अभिरक्षा में लिया गया।
भाई की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा
पुलिस के अनुसार, आठ अगस्त को किशोरी के भाई ने बिलरियागंज थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि भगतपुर गांव निवासी तौसीफ उसकी नाबालिग बहन को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर किशोरी और आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी।
सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा
रविवार को उपनिरीक्षक इसरार अहमद खान पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी किशोरी के साथ गोरिया बाजार से पहले नहर पुलिया के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तौसीफ को गिरफ्तार कर लिया। किशोरी को महिला पुलिसकर्मियों की निगरानी में लिया गया।
आरोपी पर बीएनएस की धाराओं में केस
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान तौसीफ पुत्र आमीर, उम्र 21 वर्ष, निवासी भगतपुर, थाना बिलरियागंज के रूप में हुई है। उसके खिलाफ मु.अ.सं. 211/2026 में धारा 87/137(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने आरोपी को नियमानुसार हिरासत में लेकर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें: 250 किमी दूर प्रेमी से शादी करने पहुंची युवती, थाने में हुई बातचीत के बाद मंदिर में विवाह