आजमगढ़ में फर्जी दस्तावेजों और बदले व्यक्तिगत विवर

आजमगढ़ में फर्जीवाड़े का खुलासा, अलग पहचान से दूसरा पासपोर्ट बनवाने वाला गिरफ्तार

Azamgarh: Man Arrested for Obtaining Second Passport Using Fake Documents

आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश)। आजमगढ़ के जहानागंज थाना क्षेत्र में फर्जी दस्तावेजों और व्यक्तिगत विवरण में हेराफेरी कर दो पासपोर्ट बनवाने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर फर्जी प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और अन्य दस्तावेजों के जरिए अलग-अलग विवरण प्रस्तुत कर दूसरा पासपोर्ट हासिल करने का आरोप है।

आरोपी की पहचान और मामले का खुलासा

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान बेलाल अहमद पुत्र इफ्तेखार, निवासी बरहतीर जगदीशपुर, थाना जहानागंज, आजमगढ़ के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 39 वर्ष बताई गई है। मामला सामने आने के बाद 14 जुलाई 2026 को थाना जहानागंज में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच में पता चला कि आरोपी ने अपने पहले पासपोर्ट के आवेदन में मौलवी का अंकपत्र और शपथ पत्र लगाया था, जिसमें उसका नाम बेलाल अहमद और जन्मतिथि 1 जनवरी 1987 दर्ज थी।

दूसरे पासपोर्ट में बदला नाम और जन्मतिथि

वहीं, दूसरे पासपोर्ट के आवेदन में प्रस्तुत आधार कार्ड और पैन कार्ड में नाम अलमद बेलाल तथा जन्मतिथि 1 जनवरी 1997 दर्ज पाई गई। पुलिस का आरोप है कि आरोपी ने पूर्व में जारी पासपोर्ट से संबंधित दस्तावेजों और व्यक्तिगत विवरण में हेराफेरी कर अलग पहचान के आधार पर दूसरा पासपोर्ट प्राप्त किया। इस मामले में थाना जहानागंज पुलिस ने धारा 318(4), 336(3), 338, 340 बीएनएस तथा धारा 12(1)(बी) पासपोर्ट अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया था।

जहानागंज पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में वांछित और वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान 26 अगस्त को जहानागंज पुलिस ने आरोपी बेलाल अहमद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे सुबह करीब 8:10 बजे हिरासत में लिया। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय आजमगढ़ के समक्ष पेश किया गया। पुलिस का कहना है कि फर्जी दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी करने और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। 

यह भी पढ़े:   आजमगढ़ में वारंटियों पर पुलिस का शिकंजा, दो आरोपियों को किया गिरफ्तार