आजमगढ़ में अंतर्जनपदीय चोर गिरोह का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार
आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश)। देवगांव थाना पुलिस ने चोरी और गृहभेदन की घटनाओं में संलिप्त अंतर्जनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और एक अवैध तमंचा व दो कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तार तीनों आरोपितों के खिलाफ आजमगढ़ और जौनपुर सहित विभिन्न थानों में कुल 34 मुकदमे दर्ज हैं।
दो घरों में चोरी की वारदातों के बाद पुलिस ने शुरू की तलाश
पुलिस के अनुसार, 30 सितंबर की रात देवगांव थाना क्षेत्र के ग्राम गोपालपुर सोठौली निवासी रामाशंकर यादव के घर के बरामदे में खड़ी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, दो टीवी और अन्य घरेलू सामान चोरी कर लिया गया था। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। इसके बाद 10 अक्टूबर को ग्राम कंजहित निवासी शिवशंकर के घर में घुसकर बक्से में रखे सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य सामान चोरी कर लिया गया था। इस घटना में भी मुकदमा दर्ज कर पुलिस चोरों की तलाश में जुटी थी।
मोलनापुर ओवरब्रिज के नीचे घेराबंदी कर तीनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में देवगांव पुलिस टीम ने शुक्रवार 30 अक्टूबर को रात करीब 1:50 बजे मेहनाजपुर रोड स्थित मोलनापुर ओवरब्रिज के नीचे घेराबंदी कर तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (यूपी 50 सीबी 2593), चांदी की तीन जोड़ी पायल, 15 बिछिया, पीली धातु की एक चेन और 1,510 रुपये नकद बरामद हुए। इसके अलावा एक .315 बोर का अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस भी मिले।
संजय राय, सुमित उर्फ सोनू और संतोष सिंह गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान संजय राय निवासी रामचन्द्रपुर थाना देवगांव, सुमित उर्फ सोनू सिंह निवासी अहिरौली थाना मेहनगर और संतोष सिंह निवासी तिलहुआ थाना निजामाबाद के रूप में हुई है।
तीनों आरोपियों पर दर्ज हैं कुल 34 मुकदमे
पुलिस के मुताबिक, संजय राय के खिलाफ 10, सुमित उर्फ सोनू सिंह के खिलाफ पांच और संतोष सिंह के खिलाफ 19 मुकदमे दर्ज हैं। इस तरह तीनों के खिलाफ कुल 34 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चोरी, गृहभेदन, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और अन्य आपराधिक मामले शामिल हैं। संतोष सिंह का आपराधिक इतिहास आजमगढ़ के अलावा जौनपुर जनपद के थानों में भी पाया गया है।
चोरी के मामलों में बढ़ीं धाराएं
इस मामले में चोरी की दोनों घटनाओं से संबंधित मुकदमों में बरामदगी के आधार पर धाराएं बढ़ाई गई हैं। वहीं अवैध तमंचा बरामद होने पर संजय राय के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया है।
यह भी पढ़ें: प्रतापगढ़ में 33 साल पुराने आपराधिक मामले में वारंटी गिरफ्तार, गैर जमानती वारंट पर देल्हूपुर पुलिस की कार्रवाई