आजमगढ़ में महिलाओं को रुपये की गड्डी का झांसा देकर

आजमगढ़ में टप्पेबाज गैंग का मुठभेड़ के बाद दो के पैर में लगी गोली, तीन गिरफ्तार

Azamgarh Police Encounter: 3 Tappebaaz Gang Members Arrested

आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश)। महिलाओं को रुपये की गड्डी का झांसा देकर आभूषण व नकदी हड़पने वाले अंतरजनपदीय टप्पेबाज गैंग का तरवां और मेहनगर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद पर्दाफाश कर दिया। गुरुवार रात हुई दो अलग-अलग मुठभेड़ों में पुलिस ने गैंग के तीन शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया। इनमें से दो के पैर में गोली लगी है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, कारतूस, पल्सर बाइक, नकदी और टप्पेबाजी से लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद हुए हैं।

गाजीपुर के रहने वाले हैं तीनों आरोपी

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मुकेश यादव 25, कमलेश राम 26 और विकास यादव 22 के रूप में हुई है। तीनों गाजीपुर जिले के भांवरकोल थाना क्षेत्र के निवासी हैं।

तरवां में पहली मुठभेड़

एसएसपी डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत 13 अगस्त की रात तरवां पुलिस को सूचना मिली कि टप्पेबाजी में वांछित तीन संदिग्ध काले रंग की पल्सर से चिरैयाकोट की ओर से बोगरिया की तरफ आ रहे हैं।

पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने भागने का प्रयास किया। इसी दौरान बाइक फिसलकर गिर गई। एक बदमाश खेत की ओर भाग गया, जबकि एक ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में मुकेश यादव के दाहिने पैर में गोली लगी। उसे अस्पताल भेजा गया। वहीं कमलेश राम को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

मेहनगर में दूसरी मुठभेड़, तीसरा आरोपी भी धराया

फरार तीसरे आरोपी की तलाश में पुलिस ने चेकिंग तेज की। मेहनगर पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी शिवरामपुर नहर की ओर आ सकता है। रोकने पर उसने पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी फायरिंग में विकास यादव के दाहिने पैर में गोली लगी और उसे रात 11:50 बजे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से .315 बोर तमंचा, खोखा, जिंदा कारतूस और 5 हजार रुपये नकद बरामद हुए।

3 जिलों में की थीं टप्पेबाजी

पूछताछ में आरोपियों ने आजमगढ़, मऊ और गाजीपुर में महिलाओं को निशाना बनाने की बात कबूली। इनका तरीका था - पॉलिथीन में कागज की गड्डी रखकर उसे रुपये की गड्डी बताना और महिलाओं को लालच देकर उनके गहने उतरवाकर फरार हो जाना।

पुलिस ने बताया कि 3 अगस्त को मऊ के चिरैयाकोट में खरिहानी तिराहे, 7 अगस्त को आजमगढ़ के तरवां में कंचनपुर बाजार और उसी दिन गाजीपुर के दुल्लहपुर रेलवे स्टेशन के सामने वारदातें की गई थीं। 

यह भी पढ़े:   रायबरेली में लापता व्यक्ति का गड्ढे से मिला शव, पत्नी-बेटी ने मिलकर की वारदात