आजमगढ़ में गैंगस्टर राजकुमार गौड़ की करीब 40 लाख र

आजमगढ़ में गैंगस्टर पर बड़ी कार्रवाई, 40 लाख की 340 वर्ग मीटर जमीन कुर्क

Azamgarh Police Seizes Gangster's Land Worth Rs 40 Lakh

आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश)। संगठित अपराध और अवैध संपत्तियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में आजमगढ़ पुलिस और राजस्व विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर गैंगस्टर राजकुमार गौड़ की करीब *40 लाख रुपये* कीमत की 340.2 वर्ग मीटर भूमि को गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत कुर्क कर प्रशासनिक कब्जे में ले लिया गया। यह कार्रवाई निजामाबाद पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने की।

अपराध से खरीदी थी जमीन

पुलिस के अनुसार, राजकुमार गौड़ पुत्र छांगुर गौड़ निवासी रेवरा परवेजपुर, थाना निजामाबाद एक आपराधिक गैंग का सक्रिय सदस्य है। उस पर आरोप है कि गैंग के सदस्य पीड़िता का आपत्तिजनक वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देते थे और इसी आधार पर सामूहिक दुष्कर्म, मारपीट व अवैध शस्त्रों से जुड़ी घटनाओं को अंजाम देते थे।

अपराधिक गतिविधियों से अर्जित धन से 40 लाख की जमीन खरीदने का खुलासा

निजामाबाद थाने में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे की विवेचना में यह तथ्य सामने आया कि आपराधिक गतिविधियों से अर्जित अवैध धन से ग्राम रेवरा परवेजपुर स्थित आराजी संख्या-377 में 340.2 वर्ग मीटर भूमि खरीदी गई थी। राजस्व विभाग ने भूमि का चिन्हांकन और मूल्यांकन कर इसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 40 लाख रुपये आंकी।

2020 से अपराध की कमाई से जमीन खरीदकर संपत्ति बढ़ाने का आरोप

पुलिस का कहना है कि संपत्ति खरीदने और ऋण की किश्तों के भुगतान के लिए आरोपी के पास कोई वैध आय स्रोत नहीं पाया गया। विवेचना में यह भी सामने आया कि वर्ष 2020 से आरोपी अपराध से अर्जित धन के जरिए आसपास की जमीन खरीदकर संपत्ति का विस्तार कर रहा था।

डुगडुगी पिटवाकर लिया कब्जा

जिला मजिस्ट्रेट आजमगढ़ के कुर्की आदेश के बाद टीम ने मौके पर डुगडुगी पिटवाकर भूमि को प्रशासनिक कब्जे में लिया और नोटिस चस्पा किया।

अभियान जारी रहेगा

आजमगढ़ पुलिस का कहना है कि संगठित अपराध, गैंगस्टरों, भूमाफियाओं और अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस के मुताबिक, अपराध से अर्जित संपत्ति को जब्त और कुर्क कर अपराधियों की आर्थिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने की कार्रवाई आगे भी की जाएगी। 

यह भी पढ़े:   जुलाई में भारत का व्यापार घाटा 31.5% बढ़कर 15.03 अरब डॉलर पहुंचा, आयात में तेज उछाल