आजमगढ़ के महुला गांव में मजदूरी मांगने के विवाद मे

आजमगढ़ में मजदूर को बंधक बनाकर मारपीट का आरोप, एक गिरफ्तार

Azamgarh: Worker Allegedly Held Hostage and Assaulted Over Wage Dispute

आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश)। रौनापार थाना क्षेत्र के महुला गांव में मजदूरी मांगने को लेकर हुए विवाद में एक मजदूर को कथित तौर पर बंधक बनाकर मारपीट और अपमानित करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

गौशाला ले जाकर पेड़ से बांधने का आरोप

पुलिस के अनुसार, महुला निवासी मिथिलेश गुप्ता ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि मजदूरी मांगने के विवाद में रवि उर्फ रितेश राय, संदीप राय और मंजू देवी उसे जबरन गौशाला ले गए। वहां उसे पेड़ से बांधकर मारपीट की गई और अपमानित करते हुए उसकी सामाजिक छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया।

बीएनएस की धाराओं में केस, एक आरोपी गिरफ्तार

मामले में रौनापार पुलिस ने मु0अ0सं0 256/2026 के तहत धारा 115(2), 352, 131 और 133 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रवि उर्फ रितेश राय (28 वर्ष), पुत्र स्व. श्रीप्रकाश राय, निवासी महुला, थाना रौनापार को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। 

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस के मुताबिक, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि किसी व्यक्ति को जबरन बंधक बनाना, मारपीट करना या अपमानित कर कानून हाथ में लेना गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में आरोपियों के खिलाफ कठोर और विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। 

यह भी पढ़ें:   मैहर में अवैध सट्टे पर पुलिस की कार्रवाई, तीन आरोपी सट्टा पर्चियों के साथ गिरफ्तार