बागपत के हथकरघा और शहद उत्पादों को ग्लोबल मंच, इंटरनेशनल ट्रेड शो में 20 से अधिक स्टॉल दिखाएंगे दम
बागपत (उत्तर प्रदेश)। ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले चौथे उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस) में बागपत जिले की कारोबारी ताकत दुनिया के सामने आएगी। इस आयोजन में जिले के 20 से अधिक नवीन निर्यातक, ओडीओपी उत्पादक, एमएसएमई, महिला और युवा उद्यमी हिस्सा ले रहे हैं। खेकड़ा की पीढ़ियों पुरानी हथकरघा बुनाई और बागपत के शहद की मिठास वैश्विक बाजार में अपनी अलग पहचान बनाने के लिए पूरी तरह तैयार है। इस ट्रेड शो में सिंगापुर, वियतनाम, इंडोनेशिया, मलेशिया, जापान, रूस, थाईलैंड और ऑस्ट्रिया जैसे देशों की मौजूदगी भी रहेगी।
जीआई टैग वाले होम फर्निशिंग उत्पादों का जलवा
जून 2023 में जीआई टैग प्राप्त बागपत के होम फर्निशिंग उत्पाद इस आयोजन के मुख्य आकर्षण का केंद्र होंगे। खेकड़ा स्थित मास्टर वीवर्स कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड के माध्यम से पारंपरिक हथकरघा बुनाई की यह पहचान अंतरराष्ट्रीय खरीदारों तक पहुंचेगी। मास्टर वीवर्स संस्थान में सूती धागे से बेडशीट, पर्दे, मेजपोश और रनिंग फैब्रिक तैयार किए जाते हैं। इसके साथ ही अम्ब्रोसिया नेचुरल्स शहद और होम प्रोडक्ट भी इस मंच पर प्रदर्शित किए जाएंगे, जो जिले की अलग पहचान को मजबूत करेंगे।
विभिन्न श्रेणियों में मिले स्टॉल और उद्यमी
यूपीआईटीएस के हॉल 14 में बागपत के चार नवीन निर्यातकों को पांच स्टॉल मिले हैं, जिनमें वीवर्स प्वाइंट, शाहिद टेक्स इंडिया, वाया होम्स और विनय एक्सपोर्ट शामिल हैं। ओडीओपी श्रेणी के हॉल नौ में शमशाद टेक्सटाइल को दो स्टॉल तथा द राइजिंग सन, बंसल टेक्सटाइल्स और त्रिसव टेक्सटाइल को एक-एक स्टॉल मिला है। इसके अलावा, एमएसएमई, महिला एवं युवा उद्यमियों की श्रेणी में सिधांनम इंटरनेशनल को दो स्टॉल और अन्य संस्थानों को एक-एक स्टॉल आवंटित हुआ है। उपायुक्त उद्योग राजेंद्र सिंह का कहना है कि इस आयोजन से जिले के उद्यमियों को वैश्विक पहचान मिलेगी और उनमें काफी उत्साह है।
घेवर और बालूशाही की बढ़ेगी मिठास
इंटरनेशनल ट्रेड शो में पहली बार योगी सरकार की 'एक जिला एक व्यंजन' योजना के तहत ओडीओसी पैवेलियन का निर्माण किया गया है। इस पैवेलियन में अमीनगर सराय का प्रसिद्ध घेवर और बागपत की बालूशाही अपनी मिठास से विदेशियों का मुंह मीठा कराएंगे। इसके जरिए स्थानीय व्यंजनों को विश्व स्तर पर एक नई पहचान मिलने की पूरी उम्मीद जताई जा रही है।
यह भी पढ़ें: ममता बनर्जी का बड़ा राजनीतिक ऐलान, नंदीग्राम उपचुनाव में कांग्रेस को समर्थन देगी उनकी TMC पार्टी