बागपत के हथकरघा और शहद की वैश्विक बाजार में धूम, यूपीआईटीएस में दिखेगी ताकत
बागपत (उत्तर प्रदेश)। खेकड़ा की पीढ़ियों पुरानी हथकरघा बुनाई और बागपत के शहद की मिठास अब वैश्विक बाजार में अपनी पहचान बनाने को तैयार है। ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले चौथे उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस) में जिले के 20 से अधिक नवीन निर्यातक, ओडीओपी उत्पादक, एमएसएमई, महिला एवं युवा उद्यमी अपनी कारोबारी ताकत दिखाएंगे। इस आयोजन में जून 2023 में जीआई टैग प्राप्त बागपत होम फर्निशिंग उत्पाद विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे। खेकड़ा स्थित मास्टर वीवर्स के माध्यम से यह पारंपरिक उत्पाद अंतरराष्ट्रीय खरीदारों तक पहुंचेगा। इसके साथ ही अम्ब्रोसिया नेचुरल्स शहद और होम प्रोडक्ट भी यहां प्रदर्शित किए जाएंगे।
जीआई टैग वाली बुनाई और मास्टर वीवर्स
बागपत होम फर्निशिंग को जून 2023 में जीआई टैग मिला था। यह पहचान खेकड़ा क्षेत्र में पीढ़ियों से हथकरघा बुनाई कर रहे कारीगरों के कौशल को मिली है। जीआई टैग के लिए उत्तर प्रदेश सरकार के हथकरघा एवं वस्त्र उद्योग निदेशालय और मास्टर वीवर्स को-ऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड, आदर्श नगर, खेकड़ा ने संयुक्त रूप से आवेदन किया था। इस सोसाइटी में सूती धागे से बेडशीट, पर्दे, मेजपोश और रनिंग फैब्रिक तैयार किए जाते हैं। ये संस्थान फ्रेम लूम से मजबूत और आकर्षक बुनाई के लिए अपनी विशेष पहचान रखता है।
नवीन निर्यातक और ओडीओपी स्टॉल
यूपीआईटीएस के हॉल 14 में बागपत के चार नवीन निर्यातकों को पांच स्टॉल मिले हैं। इनमें वीवर्स प्वाइंट व शाहिद टेक्स इंडिया (बड़ागांव), वाया होम्स (खेकड़ा) के दो और विनय एक्सपोर्ट (बागपत) शामिल हैं। इसके अलावा ओडीओपी श्रेणी के हॉल नौ में शमशाद टेक्सटाइल (बड़ागांव) को दो स्टॉल तथा द राइजिंग सन के नितिन जैन, बंसल टेक्सटाइल्स के राजकुमार बंसल और त्रिसव टेक्सटाइल के रविस कुमार को एक-एक स्टॉल मिला है। उपायुक्त उद्योग राजेंद्र सिंह का कहना है कि इस ट्रेड शो से जिले के उद्यमियों को वैश्विक पहचान मिलेगी।
एमएसएमई और ओडीओसी पैवेलियन के व्यंजन
एमएसएमई, महिला एवं युवा उद्यमियों की श्रेणी में सिधांनम इंटरनेशनल (खेकड़ा) के मनोज जैन को दो स्टॉल तथा नसरीन टेक्सटाइल्स की नसरीन, चारवेदा ऑर्गेनिक्स, प्रिंस हैंडलूम के राजकुमार जैन, बागपत ब्लूम प्रोड्यूसर कंपनी के कपिल आर्या और अंबेडकर महिला केंद्र के जगदीप कुमार को एक-एक स्टॉल मिला है। इसके अलावा, इंटरनेशनल ट्रेड शो में पहली बार ओडीओसी पैवेलियन का निर्माण किया गया है। इसमें अमीनगर सराय से विश्व स्तर पर प्रसिद्ध घेवर और बागपत की बालूशाही विदेशी मेहमानों को परोसी जाएगी, जिससे जिले के पारंपरिक व्यंजनों की महक वैश्विक मंच तक पहुंचेगी।
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान के कोहाट पुलिस लाइन्स में आत्मघाती और आतंकी हमला, 21 लोगों की मौत और 80 से अधिक घायल