बहराइच में महिला से सोने की चेन छीनने वाला आरोपी गिरफ्तार, बाइक और मोबाइल बरामद
बहराइच (उत्तर प्रदेश)। जनपद बहराइच में महिला के गले से सोने की चेन छीनकर फरार हुए आरोपी को दरगाह शरीफ थाना पुलिस और स्वाट-सर्विलांस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीनी गई सोने की चेन, वारदात में इस्तेमाल होंडा यूनिकॉर्न बाइक और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
रायपुर राजा इलाके में बाइक सवार बदमाश ने महिला की चेन छीनी
पुलिस के अनुसार, प्रयागराज निवासी राजकुमारी पत्नी वरुण अरोड़ा फिलहाल शहर के रायपुर राजा इलाके में रहती हैं। बीते 4 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 7:52 बजे बाइक सवार एक युवक उनके गले से करीब सात ग्राम सोने की चेन छीनकर फरार हो गया था। पीड़िता की शिकायत पर दरगाह शरीफ थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज से हुई आरोपी की पहचान
घटना के खुलासे के लिए एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देश पर दरगाह शरीफ थाना पुलिस और स्वाट-सर्विलांस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी की पहचान की गई।
मालगोदाम रोड पर चेकिंग के दौरान दबोचा
पुलिस के मुताबिक, 30 अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे मालगोदाम रोड से रेलवे स्टेशन जाने वाले रास्ते पर चेकिंग के दौरान आरोपी विष्णु कुमार यादव (30) को गिरफ्तार किया गया। वह हुजूरपुर थाना क्षेत्र के सिरौला टेपरा गांव का निवासी है। उसके पिता का नाम तेज कुमार यादव बताया गया है।
आरोपी के पास से चेन
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से महिला के गले से छीनी गई पीली धातु की चेन, वारदात में इस्तेमाल होंडा यूनिकॉर्न बाइक और मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी को शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे न्यायालय में पेश किया। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष दरगाह शरीफ अमितेंद्र सिंह के नेतृत्व में थाना पुलिस और स्वाट-सर्विलांस टीम शामिल रही। पुलिस की इस कार्रवाई से चेन स्नैचिंग की घटना का खुलासा हुआ है।
यह भी पढ़ें: मिहींपुरवा में घर के अंदर फांसी के फंदे से लटकी मिली 32 वर्षीय महिला का शव, मायके वालों ने की निष्पक्ष जांच की मांग