बहराइच जनपद के मोतीपुर थाना क्षेत्र में देर रात पु

बहराइच में गोकशी के आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़, एक के पैर में लगी गोली, दो साथी गिरफ्तार

Bahraich Encounter; Cow Slaughter Accused Shot

बहराइच {उत्तर प्रदेश}: बहराइच जनपद के मोतीपुर थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और गोकशी के आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि उसके दो साथियों को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गोवंश के अवशेष मिलने के मामले में दर्ज था मुकदमा

पुलिस के मुताबिक, 24 सितंबर को शाहपुर खुर्द गांव में गोवंश के अवशेष मिलने के मामले में मुकदमा संख्या 418/2026 दर्ज किया गया था। मामले के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक ने तीन टीमों का गठन किया था। रविवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि गोकशी के आरोपी दोबारा किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं।

चेकिंग के दौरान पुलिस पर फायरिंग का आरोप

सूचना के आधार पर पुलिस ने जोगनिया बैराज मार्ग पर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली एक आरोपी के दाहिने पैर में लगी। इसके बाद पुलिस ने तीनों को पकड़ लिया।

तीनों आरोपियों की हुई गिरफ्तारी

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनू निवासी बालापुर, शहजाद उर्फ कलूटे निवासी उचवा बालापुर और सोनू निवासी खैरी के रूप में हुई है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तमंचा, कारतूस, 1,940 रुपये नकद, बाइक, तराजू-बांट, लकड़ी का ठीहा और तीन चाकू बरामद किए हैं।

एसपी समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे

मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गा प्रसाद तिवारी और आयुष विक्रम सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।

आरोपियों पर पहले भी दर्ज हैं मुकदमे

पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी मुकदमे दर्ज हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढ़ें: बलिया में सपा प्रदेश अध्यक्ष ने चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची पर उठाए सवाल