मंगलवार सुबह फर्राटा पंखे में उतरे करंट की चपेट मे

बहराइच में फर्राटा पंखे में उतरा करंट, पिता और दो बेटियां गंभीर रूप से घायल

Bahraich: Father and Two Daughters Injured by Electric Current from Pedestal Fan

बहराइच {उत्तर प्रदेश}: मंगलवार सुबह फर्राटा पंखे में उतरे करंट की चपेट में आने से एक ही परिवार के पिता और उनकी 2 बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों और ग्रामीणों ने किसी तरह बिजली का तार हटाकर तीनों को पंखे से अलग किया और आनन-फानन में मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने तीनों को लखनऊ रेफर कर दिया।

पंखा छूते ही करंट की चपेट में आई बेटी

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी राज बहादुर (50) की बड़ी बेटी पायल (28) शादी के बाद सिद्धार्थनगर में रहती हैं। रक्षाबंधन के अवसर पर वह मायके आई थीं। मंगलवार सुबह करीब 7 बजे पूजा करने के बाद पायल घर में लगे फर्राटा पंखे के पास गईं। पंखे को छूते ही उन्हें करंट लग गया और वह पंखे से चिपक गईं।

बेटी को बचाने पहुंचे पिता, फिर छोटी बहन भी आई

पायल को करंट लगा देखकर उनके पिता राज बहादुर उन्हें बचाने के लिए दौड़े। उन्होंने बेटी को छुड़ाने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान वह भी करंट की चपेट में आकर घायल हो गए। घर में चीख-पुकार सुनकर राज बहादुर की 22 वर्षीय छोटी बेटी प्राची भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने पिता और बहन को बचाने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान वह भी करंट की चपेट में आ गईं।

सावधानी से हटाया बिजली का तार

एक साथ 3 लोगों को करंट की चपेट में देख परिजनों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने सावधानी बरतते हुए किसी तरह बिजली का तार हटाया और तीनों को पंखे से अलग किया। इसके बाद तीनों घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया।

हालत गंभीर, तीनों लखनऊ रेफर

मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में तीनों का प्राथमिक उपचार किया गया। डॉ. नितिन शुक्ला के अनुसार, तीनों को उपचार दिया गया, लेकिन हालत में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। गंभीर स्थिति को देखते हुए राज बहादुर और उनकी दोनों बेटियों पायल व प्राची को बेहतर इलाज के लिए लखनऊ के बड़े अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे में किसी की मौत नहीं हुई है। तीनों करंट लगने से घायल हुए हैं और उनका उपचार जारी है। 

ये भी पढ़ें: राहगीर को बचाने में खेत में पलटा खाद से भरा ट्रैक्टर, दो युवक गंभीर