बहराइच में लगातार बारिश के बीच मिट्टी की दीवार ढहने से बड़ा हादसा, मलबे में दबकर मिश्रीलाल की मौत
बहराइच (उत्तर प्रदेश)। लगातार हो रही बारिश के बीच नानपारा क्षेत्र में शुक्रवार देर रात मिट्टी की दीवार ढहने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में मलबे के नीचे दबकर मिश्रीलाल की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। मिश्रीलाल की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
मलबे में दबकर मौत
जानकारी के अनुसार, लगातार बारिश के कारण मिट्टी की दीवार कमजोर हो गई थी। रात करीब 12 बजे अचानक दीवार भरभराकर मिश्रीलाल के ऊपर गिर गई। दीवार गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह आई सामने
हादसे की सूचना मिलते ही नानपारा उपजिलाधिकारी प्रकाश सिंह, कानूनगो श्याम सुंदर तथा लेखपाल मनीष कुमार वर्मा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों और ग्रामीणों से हादसे की जानकारी ली। अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में लगातार बारिश के चलते मिट्टी की दीवार कमजोर होना हादसे की वजह सामने आई है।
जांच और मुआवजे की मांग
राजस्व विभाग की टीम ने घटना का विवरण दर्ज करते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
यह भी पढ़ें: कचहरी रोड पर जानलेवा हमले के मामले में कोतवाली नगर पुलिस की कार्रवाई, आरोपी अमन ओझा गिरफ्तार