बहराइच में 25 हजार के इनामी आरोपी की गिरफ्तारी, थाना परिसर से हुआ था फरार
बहराइच (उत्तर प्रदेश)। बहराइच जिले के दरगाह शरीफ थाना परिसर से पुलिस को चकमा देकर फरार हुए 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी विशाल मिश्रा को बहराइच पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर झिंगहाघाट बाईपास से आरोपी को दबोचा। विशाल मिश्रा दो मुकदमों में वांछित था। उसके खिलाफ श्रावस्ती जिले के गिलौला थाने में भी कई आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।
9.44 ग्राम स्मैक के साथ हुई थी गिरफ्तारी
दरगाह शरीफ थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान गिलौला बाजार, श्रावस्ती निवासी विशाल मिश्रा और रफीक को 9.44 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया था। इस मामले में दरगाह शरीफ थाने में एनडीपीएस एक्ट और बीएनएस की धाराओं के तहत मुकदमा संख्या 372/2026 और 373/2026 दर्ज किए गए थे। रफीक को न्यायालय भेज दिया गया था, जबकि विशाल मिश्रा 16 अगस्त को पुलिसकर्मियों को चकमा देकर थाना परिसर से फरार हो गया था।
फरारी के बाद पुलिसकर्मियों पर भी हुई कार्रवाई
थाना परिसर से आरोपी के फरार होने की घटना को पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने गंभीरता से लिया था। मामले में लापरवाही बरतने वाले दो पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। इसके साथ ही आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर विशेष पुलिस टीम गठित की गई थी।
मुखबिर की सूचना पर झिंगहाघाट बाईपास से गिरफ्तारी
एसपी के निर्देश पर एएसपी नगर आयुष विक्रम सिंह और सीओ नगर नारायण दत्त मिश्र के पर्यवेक्षण में तथा थानाध्यक्ष अमितेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी थी। शुक्रवार को मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने झिंगहाघाट बाईपास पर घेराबंदी कर विशाल मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई कर रही है।
श्रावस्ती में भी दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस के अनुसार, विशाल मिश्रा के खिलाफ श्रावस्ती के गिलौला थाने में एनडीपीएस एक्ट, चोरी, बरामदगी और आर्म्स एक्ट समेत कई धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में निरीक्षक जयराम यादव, थानाध्यक्ष अमितेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक सुरेश यादव, आशुतोष कुमार राय समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
यह भी पढ़े: सहारनपुर में जमीन पर खेती को लेकर विवाद, चोटी काटकर अपमानित करने का आरोप