मुठभेड़ के बाद दो वाहन चोर गिरफ्तार, नेपाल ले जाई जा रही 12 चोरी की बाइक बरामद
बहराइच (उत्तर प्रदेश)। रुपईडीहा थाना क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के बाद फरार हुए वाहन चोर गिरोह के दो आरोपियों को पुलिस ने बुधवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राज जसगढ़ और मोहम्मद जुनैद के रूप में हुई है। दोनों नेपाल के बांके जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की 12 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
एक आरोपी के पैर में गोली लगने से घायल
बताया गया कि मंगलवार देर रात रुपईडीहा थाना पुलिस और वाहन चोर गिरोह के सदस्यों के बीच मुठभेड़ हुई थी। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी अब्दुल उर्फ अब्दुल सलाम पैर में गोली लगने से घायल हो गया था, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश और चेकिंग अभियान चलाया।
दोनों आरोपियों गिरफ्तार
बुधवार सुबह पुलिस टीम को सफलता मिली और फरार दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों से वाहन चोरी से जुड़े कई अहम सुराग मिलने की बात सामने आई है। उनकी निशानदेही पर जंगल में छिपाकर रखी गई चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
नेपाल ले जाने की फिराक में थे चोरी की बाइक
पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी की मोटरसाइकिलों को जेतापुर से चिकनिया होते हुए नेपाल ले जाने की फिराक में थे। पुलिस अब बरामद 12 मोटरसाइकिलों के बारे में जानकारी जुटा रही है कि इन्हें किन-किन स्थानों से चोरी किया गया था।
संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज
पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। दोनों आरोपियों को पुलिस हिरासत में लेकर न्यायालय भेजा गया है। वहीं, पुलिस वाहन चोरी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।
यह भी पढ़ें: तालाब के पास पेड़ से लटका मिला अज्ञात युवक का शव, शरीर पर मिले चोट के निशान